विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद फर्जी पासपोर्ट मामला: महफूज और मुकेश ने कितने पासपोर्ट बनाए? अब STF करेगी जांच

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:21 AM (IST)

मुरादाबाद में फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले महफूज और मुकेश के मामले में अब एसटीएफ भी जांच करेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. फर्जी पासपोर्ट मामले में एसटीएफ जांच शुरू।

  2. महफूज और मुकेश के नेटवर्क की पड़ताल।

  3. दीपक बाक्सर का फर्जी पासपोर्ट भी बना।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। हरियाणा के आरोपितों का फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले महफूज और बरेली के मुकेश अब तक कितने फर्जी पासपोर्ट बनवाए है अब इस मामले की जांच एसटीएफ भी करेगी। एसटीएफ ने कटघर पुलिस से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

एसटीएफ को अंदेशा है कि इस गिरोह ने कुछ और लोगों के फर्जी पासपोर्ट बनवाए है। रवि और पवन के अलावा किसके पासपोर्ट बने हैं इसकी जांंच एसटीएफ करेगी। एसटीएफ की जांच में कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। क्योंकि महफूज पिछले 25 साल से फर्जी पासपोर्ट बनवा रहा है।

अगवानपुर निवासी महफूज आकाश निवासी फरीदपुर फरीदाबाद के सेक्टर-78 का तहारपुर के पते पर रवि नाम से पासपोर्ट बनवा रहा था। कटघर पुलिस ने सात अक्टूबर को महफूज अली और आकाश को गिरफ्तार किया था। महफूज ने आकाश का ताजपुर माफी निवासी प्रेमस्वरूप के बेटे रवि के नाम से पासपोर्ट बनवाने का प्रयास किया था।

वेरिफिकेशन के लिए आकाश ने कटघर थाने में बिजली का बिल दिखाया, जो रवि के नाम से था। जांच में असली बिजली का बिल महफूज की पत्नी के नाम पर निकला। पता चला था कि महफूज ने फर्जी पासपोर्ट के दस्तावेज बनवाए हैं। पुलिस को जांच में पता चला कि इससे पहले वर्ष 2021 में कुख्यात लारेंस बिश्नोई के गुर्गे दीपक बाक्सर का भी पासपोर्ट बनवाया था।

मुकेश शर्मा को रिमांड पर लेने की तैयारी

इसी पासपोर्ट पर वह मैक्सिको गया था। जहां से बाद में उसे प्रत्यर्पण कर लाया गया। तब दिल्ली की एसआईटी ने आरोपित महफूज को कुछ समय बाद गिरफ्तार किया था। बरेली निवासी मुकेश शर्मा पासपोर्ट बनवाने वालों के नाम और फोटो महफूज को भेजता था।

दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गोपनीय रूप से जांच में जुटी कि बीते सालों किसी और का तो इन्होंने फर्जी तरीके पासपोर्ट तो नहीं बनवाया है। अभी तक की जांच में दो संदिग्ध पासपोर्ट सामने आए है। अब उनकी जांच चल रही है। उधर पुलिस ने बरेली निवासी मुकेश शर्मा को रिमांड पर लेने की तैयारी कर ली है। क्योंकि उसकी पूछताछ के बाद ही पूरा नेटवर्क सामने आएगा।

मुकेश ही लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए महफूज के पास भेजता था। उधर मुरादाबाद एसटीएफ ने भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एसटीएफ को उम्मीद है कि जांच में कुछ और लोगों का पता चल सकता है जिनके फर्जी पासपोर्ट बने है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एसटीएफ ने कटघर पुलिस से कुछ जानकारी मांगी है। वह जानकारी उन्हें उपलब्ध करा दी गई है।

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए उमड़े युवा: मुरादाबाद में एक दिन में आए 6400 फॉर्म, अब 24 अक्टूबर को मौका