बिजली चोरी का नया 'जुगाड़' देखकर बिजली विभाग हैरान, मुरादाबाद के 40 गांवों में 2000 लोगों को नोटिस
मुरादाबाद में बिजली विभाग ने 40 गांवों में दो हजार घरों को नोटिस जारी किए हैं, जहां छज्जों का उपयोग ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
मुरादाबाद जिले में करीब 21 प्रतिशत लाइनलास, वजह बन रहा छज्जा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में बढ़ रही बिजली चोरी की वजह घर बनाते समय निकाले गए छज्जे बन रहे हैं। बिजली विभाग ने जिले के 40 गांवों में दो हजार घर ऐसे चिह्नित किए है जिनके रास्ते की तरफ निकले हुए छज्जे की आढ़ से बिजली चोरी की जा रही है। सभी को नोटिस देकर 15 दिन के अंदर जवाब मांगा है।
विभाग का मानना है कि छज्जे की आढ़ में केबल डालकर रात के समय बिजली चोरी की जाती है। इन छज्जों से हादसा होने का भी डर बना हुआ है। क्योंकि छज्जे बाहर निकले होने के चलते गांव में जा रहे केबल उनसे टच हो रहे हैं और कभी करंट उतर सकता है।
तमाम प्रयास के बाद भी बिजली विभाग जिले में बिजली चोरी नहीं रोक पा रहा है। विभाग ने शहर में कुछ हद तक बिजली चोरी पर लगाम लगा दिया है। यहां पर लाइनलास 14 प्रतिशत है। जबकि गांवों में अब भी करीब 20 प्रतिशत लाइनलास है।
ऐसे तमाम गांव है जहां पर लाइनलास 40 प्रतिशत तक पहुंच रहा है। इन गांवों में लोग रात होते ही कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी जब बिजली चोरी रोकने में विभाग नाकाम रहा तो गांवों का सर्वे कराया गया।
सर्वे में दो हजार घर ऐसे सामने आए जिनके छज्जे गांवों में जा रही बिजली केबल से टच हो रहे हैं। जिसके चलते हादसा होने का डर तो बना हुआ है साथ ही बिजली विभाग को अंदेशा है कि छज्जे पर केबल डालकर बिजली चोरी की जा रही है।
अधिकारियों ने नोटिस के माध्यम से साफ कहा कि 15 दिन के अंदर नोटिस का जवाब देते हुए छज्जे को तोड़ ले, नहीं तो बिजली विभाग खुद छज्जा तुड़वा देगा।
रात होते ही बढ़ जाता है ग्रामीण क्षेत्रों में लोड
बिजली विभाग के द्वारा किए गए आकलन के अनुसार जिले में शाम होते ही लोड बढ़ना शुरू हो जाता है। शहर में तो लोड बढ़ना लाजमी है, क्योंकि तमाम लोग काम से वापस अपने घरों में शाम को लौटते है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोड बढ़ने के बजाए घटना चाहिए।
क्योंकि रात के समय तमाम बिजली का उपकरण ग्रामीण इस्तेमाल नहीं करते हैं। इसके बाद भी बढ़ रहे लोड के पीछे रात के समय होने वाली बिजली चोरी विभाग कारण मान रहा है।
करीब दो हजार ऐसे घर चिन्हित किए गए है जो बिजली की लाइन होने के बाद बने है, लेकिन इन घर स्वामियों ने छज्जा सड़क की तरफ इतना निकाल लिया है कि वह केबल से टच हो रहा है। ऐसे में बिजली चोरी होने की बात तो सामने आई है और हादसा भी हो सकता है। इसलिए इन सभी को नोटिस दिया गया है।
- गुलशन गोयल, अधीक्षण अभियंता देहात
यह भी पढ़ें- फर्जी डिग्री पर चल रहे थे अस्पताल! अमरोहा में 3 झोलाछाप पकड़े गए तो मुरादाबाद से लखनऊ तक मचा हड़कंप
