विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में विजयादशमी पर No Entry का समय बढ़ा, दोपहर 2 बजे से रामलीला मैदान जाने वाले रूट डायवर्ट

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:12 PM (IST)

मुरादाबाद में विजयदशमी के अवसर पर आज दोपहर 2 बजे से शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा और नो एंट्री का समय बढ़ाया जाएगा।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. दशहरा पर दोपहर 2 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू।

  2. रामलीला मैदान के लिए मंडी समिति में पार्किंग व्यवस्था।

  3. माल गोदाम वाहनों की नो एंट्री का समय बढ़ाया गया।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। विजयदशमी यानी दशहरा पर्व पर आज दोपहर में शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो जाएगा। रामलीला मैदान जाने वाले लोगों के लिए पैदल रास्ता रहेगा। मंडी समिति में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

दोपहर दो बजे के बाद शहर में कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। रामलीला मैदान जाने वाले सामान्य वाहनों को चौधरी चरण सिंह चौक से होकर मंडी समिति में बनाई गई पार्किंग तक जाना होगा। कपूर कंपनी रेलवे पुल की ओर से रामलीला मैदान तक केवल पैदल जाने की व्यवस्था रहेगी।

मेला समाप्त होने के बाद इसी मार्ग से लौटना होगा। यातायात व्यवस्था के तहत माल गोदाम के वाहनों का संचालन दोपहर दो बजे से रात दो बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

रात 11:30 बजे खुलने वाली नो एंट्री अब रात दो बजे खुलेगी। इससे शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ेगा। रामलीला कमेटी की ओर से जारी वाहन पास वाले ही पुतली घर तिराहे से होते हुए रामलीला मैदान तक जा सकेंगे।

इन रास्तों से मैदान की ओर नहीं जाएंगे वाहन

मानसरोवर गेट, प्रकाश नगर चौराहा, मझोली चौराहा और बुद्धिविहार से किसी भी प्रकार के वाहन को रामलीला मैदान की ओर जाने पर रोक रहेगी। दोपहर तीन बजे से कपूर कंपनी रेलवे पुल की ओर से पैदल श्रद्धालु मैदान में पहुंच सकेंगे। मेला समाप्त होने के बाद मैदान से कपूर कंपनी रेलवे पुल की ओर पैदल निकासी होगी।

बसों का भी बदलेगा रास्ता

बिजनौर और कांठ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें दोपहर दो बजे के बाद कोठीवाल डेंटल कालेज तक आएंगी। काशीपुर, टांडा और बाजपुर की ओर से आने वाली निजी और रोडवेज बसें काशीपुर तिराहे तक ही आएंगी।

रामपुर और बरेली की ओर से आने वाली रोडवेज बसों को हनुमानमूर्ति तक आने की अनुमति होगी। वहीं, संभल, दिल्ली और बिलारी की ओर से आने वाली निजी और रोडवेज बसें आजादनगर मोड़ तक आएंगी। इन सभी स्थानों से बसें मेला समाप्त होने तक सवारियां लेकर वापस लौटेंगी।

रात दो बजे खुलेगी नो एंट्री

मालगोदाम के वाहनों का संचालन मंगलवार दोपहर दो बजे से देर रात दो बजे तक नहीं होगा। वहीं, मंगलवार रात 11:30 बजे खुलने वाली नो एंट्री अब रात दो बजे खुलेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें और असुविधा से बचने के लिए यातायात व्यवस्था का पालन करें।

यह भी पढ़ें- दशहरा पर दिल्ली-नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन: रामलीला और रावण दहन के चलते कई रास्ते बंद, जानें वैकल्पिक रूट