मुरादाबाद में बवाल: मूर्ति विसर्जन के दौरान गैस पाइपलाइन खोदाई को लेकर मारपीट, इंटरनेट पर वीडियो वायरल
मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र में गैस पाइपलाइन की खोदाई को लेकर विवाद हो गया, जिसमें एक मजदूर घायल हो गया। ...और पढ़ें

खोदाई कर रहे मजदूर को पीटते लोग वीडियो ग्रैब
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र में मंडी रोड पर बुधवार सुबह गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खोदाई को लेकर विवाद हो गया। खोदाई का काम शुरू करने पहुंचे मजदूरों का बंगाली समाज के लोगों ने विरोध किया। उनका कहना था कि हम लोगों को यहां से मूर्ति विसर्जन के लिए जाना है, लेकिन मजदूर खोदाई करने लगे।
मारपीट में मजदूर राहुल घायल हो गया। साथी मजदूर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया है। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
मुरादाबाद में मजदूर को पीटते लोग https://t.co/nWCXRkJqBE
— anshul saxena (@rudrasaxena) October 21, 2026
मंडी रोड पर दुर्गा पंडाल लगा हुआ है। वहां पर सीएम ग्रेड योजना के तहत गैस पाइपलाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है। इसके लिए सड़क किनारे खोदाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना के चलते कुछ लोगों ने खोदाई का विरोध करते हुए काम रुकवा दिया था। कई दिनों से काम बंद पड़ा हुआ था।
बुधवार सुबह मजदूर दोबारा खोदाई करने पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने यह कहते हुए विरोध किया कि हम लोग मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे हैं। हमारा कार्यक्रम खत्म होने के बाद सड़क की खोदाई की जाए।
इसी के चलते देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। विरोध कर रहे लोगों ने मजदूरों के साथ मारपीट की, जिसमें एक मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
