मुरादाबाद में 'यमदूत' बने बेकाबू डंपर: 2 महीने में निगल गए 7 जिंदगियां, सिस्टम की खामोशी पर उठे सवाल!
मुरादाबाद जिले में अनियंत्रित डंपरों ने पिछले दो महीनों में सात बाइक सवारों की जान ले ली है, जिनमें छात्र ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
मूंढापांडे में तीन, पाकबड़ा में दो ठाकुरद्वारा और भगतपुर में एक-एक मौत
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में बाइक सवारों के लिए बजरफुट, बजरी और खनन करने वाले डंपर काल बन गए है। बीते दो माह के अंदर बेकाबू डंपर बाइक सवार सात लोगों की जान ले चुके हैं। जिसमें दो छात्र शामिल हैं। यानी अपना भविष्य बनाने के लिए सड़क पर निकले इन दो छात्र-छात्राओं की सरकारी मशीनरी की उदासीनता ने जान ही नहीं बल्कि परिवार की उम्मीदों को भी चकनाचूर कर दिया।
आंकड़ा दो माह है, लेकिन मुरादाबाद में ऐसा कोई महीना नहीं है जिसमें डंपर लोगों को कुचल न रहे हो। हादसे के बाद दिखावे के लिए एक दो दिन सख्ती होती और फिर व्यवस्था पुराने ढर्रे पर लौट आती है।
11 जुलाई नया मुरादाबाद विद्युत उपकेंद्र के सामने डंपर ने बाइक सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी थी। हादसे में बिहार के प्रांत के सहरसा जिला के पतरघाट निवासी ओमकुमार और उनके ताऊ का बेटा प्रिंस कुमार शाहू की मौत हो गई थी।
ओमकुमार टीएमयू में बीएससी एजी में तृतीय वर्ष के छात्र थे। वह अपने ताऊ के बेटे प्रिंस को नोएडा में टीईटी की परीक्षा दिलाकर वापस मुरादाबाद लौट रहे थे।
12 अगस्त को मूंढापांडे क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रजौड़ा कन्नरदेव निवासी खेमपाल और सौरभ को डंपर ने रौंद दिया था। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी।
इसके अलावा पांच सितंबर को ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद हाईवे पर बजरफुट भरे डंपर ने दो अधिवक्ता भाइयों को रौंद दिया था। इसमें अधिवक्ता नाजिम की मौत हो गई थी।
अब 11 सितंबर को छात्रा नेहा की डंपर ने जान ले ली। वहीं एक जुलाई को भगतपुर क्षेत्र के गांव उदावाला निवासी अर्पित कुमार को बिलाबाला गांव के पास डंपर ने टक्कर मारी दी थी। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
वहीं आठ जून को गुलरडिया चौराहे पर डंपर ने बाइक सवार राम सिंह को टक्कर मार थी। जिसमें राम सिंह की मौत हो गई थी। 13 मार्च को बाइक सवार दीपू कुमार निवासी उधोपुरा पूर्वी को डंपर चालक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दीपू कुमार की मौत हो गई।
वहीं 21 मई को रोशनपुर फाटक पर भगतपुर निवासी बाइक सवार याकूब अपनी पत्नी इरम के साथ खड़े थे। दोनों को डंपर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला इरम की मौत हो गई थी।
चार जून को मूंढापांडे क्षेत्र के रामपुर भिला निवासी तीन बाइक सवार दोस्त बाइक से टांडा मजदूरी करने जा रहे थे। गांव सिसमा हरचंद मोड़ पर डंपर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार सोनू कुमार की मौत हो गई थी।
यह हादसे बताते है कि आए दिन डंपरों के चलते बाइक सवारों की मौत हो रही है। इसके बाद भी जिले के जिम्मेदार अधिकारी हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
एसपी यातायात सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि बीतों दिनों बड़े वाहनों की गति सीमा कम की गई थी। वाहनों की रफ्तार मानक के अनुसार रहे इसके लिए यातायात पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। हाल ही में निर्धारित की गई गति सीमा का पालन सख्ती से कराया जाएगा।
