विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाएंगे 'सुपर लड्डू', मुरादाबाद डीएम अनुनय झा ने शुरू की नई पहल

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:55 AM (IST)

मुरादाबाद के डीएम अनुनय झा ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और कुपोषण से लड़ने के लिए 'सुपर लड्डू' योजना शुरू की है।

डीएम अनुनय झा

डीएम अनुनय झा

HighLights

  1. बच्चों को मिलेंगे 'सुपर लड्डू', दूध और मौसमी फल।

  2. 'स्टार ऑफ द मंथ' से बढ़ेगी बच्चों की उपस्थिति।

  3. पोषण वाटिकाएं विकसित कर कुपोषण से लड़ेंगे।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और कुपोषण से लड़ने के लिए जिले में विशेष पहल शुरू होगी। डीएम अनुनय झा ने प्रत्येक विकासखंड के 10 चिह्नित आंगनबाड़ी केंद्रों पर 15 नवंबर से 15 मार्च तक बच्चों को सप्ताह में दो बार चना, तिल और गुड़ से बने ‘सुपर लड्डू’ देने के निर्देश दिए हैं।

बच्चों को सप्ताह में एक बार दूध और दो बार मौसमी फल भी देने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय पोषण समिति की समीक्षा बैठक में डीएम ने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए ‘स्टार ऑफ द मंथ’ पहल पर भी जोर दिया।

सर्वाधिक उपस्थिति वाले बच्चे को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड के 10 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिकाएं भी विकसित की जाएंगी। स्थानांतरण के बावजूद नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले तीन बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) के अक्टूबर के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

ठाकुरद्वारा और बिलारी में 10-10 बेड के पोषण पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के लिए शासन से स्वीकृति लेने को कहा गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति कुंदरकी में 84 प्रतिशत मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। लंबित नौ आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण भी जल्द पूरा कराने को कहा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की बसों से मुरादाबाद पहुंच रहा 'कातिल' मांझा: 500 का रोल 1500 में बेच रहे दुकानदार, खेल उजागर