विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद को मिलीं नई मंडलायुक्त संगीता सिंह: कमान संभालते ही तय कीं प्राथमिकताएं, बदलेंगी व्यवस्था!

Published: Tue, 25 Aug 2026 05:32 PM (IST)

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मुरादाबाद में कार्यभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं, जिनमें कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और जनसमस्याओं का ...और पढ़ें

नवागत कमिश्नर संगीता सिंह ने संभाला कार्यभार।

नवागत कमिश्नर संगीता सिंह ने संभाला कार्यभार।

HighLights

  1. कानून-व्यवस्था व सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ जनसुविधाओं और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने पर रहेगा जोर

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मंडल की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद मंडलायुक्त संगीता सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सामाजिक समरसता कायम रखना प्रमुख प्राथमिकता है। जनता से जुड़े कार्यों और समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना मुख्य दायित्व होगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर जनता को उनका अधिकतम लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी पब्लिक सर्वेंट हैं और उनका दायित्व जनता के लिए काम करना है।

ऐसे में जनसुविधाओं से जुड़े मामलों, सरकारी योजनाओं और आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान जरूरी है। उन्होंने संकेत दिया कि समय के साथ मंडल की जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

पिछली तैनाती के दौरान शुरू की गई कुछ अच्छी पहलों को भी यहां आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। मंडलायुक्त ने महिला स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने बताया कि पिछली तैनाती के दौरान शासन की योजना लागू होने से पहले ही एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमावायरस) टीकाकरण की पहल शुरू कराई गई थी। अब इस पहल को आगे बढ़ाने और इसकी नियमित निगरानी का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में रहते हैं और एचपीवी टीका भविष्य में महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। राजस्व मामलों के निस्तारण को लेकर भी उन्होंने अपनी पिछली पहल का जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि वहां 'श्रीजी' (स्मार्ट रेवेन्यू रेसोल्यूशन इनिशिएटिव फॉर गुड गवर्नेंस) नाम से एक पहल शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाना था।

मंडल में भी इस तरह की प्रभावी व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। भरोसा दिलाया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का समय से समाधान कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'किसानों की सेवा को नौकरी नहीं, मिशन मानें', मुरादाबाद में 18 नवचयनित कृषि सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र