'किसानों की सेवा को नौकरी नहीं, मिशन मानें', मुरादाबाद में 18 नवचयनित कृषि सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
मुरादाबाद में 18 नवचयनित कृषि प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र मिले, जहाँ जिलाधिकारी ने उन्हें किसानों की सेवा को नौकरी ...और पढ़ें

नियुक्ति पत्र लिए हुए मौजूद नए प्राविधिक सहायक
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कृषि विभाग को जिले में 18 नए प्राविधिक सहायक मिल गए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने नव चयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री की ओर से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 3572 कृषि प्राविधिक सहायकों एवं मंडी सचिवों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
जनपद को 20 नव चयनित कृषि प्राविधिक सहायक आवंटित हुए हैं, जिनमें उपस्थित 18 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नियुक्ति पत्र मिलते ही नव चयनित कार्मिकों और उनके स्वजन के चेहरे खिल उठे। डीएम ने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर चयन हुआ है, उसकी झलक पूरे सेवाकाल में भी दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सीधे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा है। ऐसे में प्राविधिक सहायक केवल कार्यालयी कार्य तक सीमित न रहें, बल्कि खेत-खलिहान तक पहुंचकर किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दें। किसानों की भाषा और परिवेश में उनकी समस्याएं समझकर समाधान का माध्यम बनना ही वास्तविक जनसेवा है।
डीएम ने रासायनिक कीटनाशकों के असंतुलित प्रयोग को कम करने पर जोर देते हुए प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को संतुलित कीटनाशक प्रयोग, सुरक्षित और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से कर्तव्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पद को नौकरी नहीं, बल्कि किसान सेवा का अवसर मानने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र पाने वालों में जाबर सिंह, शक्ति कुमार, वीरेंद्र कुमार, रजत कुमार, देवराज सिंह, जशनप्रीत सिंह, राम बाबू, विपिन कुमार, सचिन कुमार, अभिषेक, विकास कुमार, कौशल कुमार, विनीत कुमार, श्रीगोविंद, ललित कुमार, बृजेश कुमार, रमेश्वर और विपिन कुमार शामिल रहे।
