वाह रे स्वास्थ्य विभाग! 3 जिलों के अस्पतालों में भर्ती रही युवती, पर डॉक्टर नहीं पकड़ पाए गर्भावस्था
संभल की एक अविवाहित गर्भवती युवती को तीन अस्पतालों में भर्ती किया गया, पर उसकी गर्भावस्था की पहचान नहीं हो ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। वाह रे स्वास्थ्य विभाग। उपचार व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। संभल रफातपुरा निवासी अविवाहित गर्भवती दो अस्पतालों से होकर मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंच गई, लेकिन किसी भी अस्पताल में उसकी गर्भावस्था की पहचान नहीं हो सकी।
हालत इतनी गंभीर थी कि प्लेटलेट्स महज 20 हजार, हीमोग्लोबिन चार और टीएलसी दो हजार थी। इसके बावजूद गर्भावस्था का पता नहीं चलना स्वास्थ्यकर्मियों की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मंगलवार को युवती ने जिला अस्पताल के पुरुष अस्पताल स्थित फीवर वार्ड में मृत बच्चे को जन्म दिया तो वहां हलचल मच गई। युवती को गंभीर हालत में चन्दौसी से संभल जिला अस्पताल और वहां से मुरादाबाद रेफर किया गया था।
24 अक्टूबर को उसे जिला अस्पताल के फीवर वार्ड में भर्ती कराया गया। जांच में उसकी हालत खराब मिली। सोमवार को एक यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया। मंगलवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे युवती ने फीवर वार्ड में मृत बच्चे को जन्म दे दिया।
इस घटना से अस्पताल में खलबली मच गई। आनन-फानन महिला अस्पताल से महिला रोग विशेषज्ञ को बुलाया गया। बच्चे की नाल काटने समेत जरूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कराई गई।
बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. स्वपनिल ने भी बच्चे का परीक्षण किया और मृत घोषित कर दिया। इसके बाद युवती को इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि युवती के साथ ही मां आई थी। बुखार और खून की कमी की वजह से उसे फीवर वार्ड में भर्ती किया गया था। उसकी मां ने गर्भ की कोई जानकारी नहीं दी थी।
चादर औढ़ने की वजह से चिकित्सक भी नहीं समझ पाए थे। स्वजन युवती की उम्र 17 वर्ष बता रहे हैं। जबकि आधार कार्ड में उसकी उम्र 20 वर्ष है। चन्दौसी से संभल जिला अस्पताल के पर्चे पर भी गर्भवती वाली बात नहीं लिखी थी।
