मुरादाबाद जिला अस्पताल में अचानक पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मां की फरियाद सुनते ही तुरंत दिए ऑपरेशन के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुरादाबाद जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और एक महिला की शिकायत पर बेटे के ऑपरेशन ...और पढ़ें

मुरादाबाद जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मरीज का हाल-चाल पूछते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
HighLights
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 20 मिनट तक रहे ब्रजेश पाठक, भर्ती मरीजों से जाना इलाज का हाल
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बेटे को दिखाने पहुंची महिला की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने युवक का परीक्षण कराकर दोपहर में आपरेशन कराने के निर्देश दिए।
शनिवार को जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज और दवाओं की उपलब्धता का हाल जाना। करीब 20 मिनट तक अस्पताल में रहे डिप्टी सीएम ने मरीजों से उनकी परेशानी पूछी।
इमरजेंसी में नागफनी की गुलाब कालोनी निवासी सीमा गुर्दों में संक्रमण के कारण भर्ती थीं। डिप्टी सीएम ने उनसे हालचाल पूछा। संभल निवासी जियाउल इस्लाम नशे की हालत में भर्ती थे।
डिप्टी सीएम के पूछने पर वह एकदम उठकर बैठ गए और बोले कि यहां सब अच्छा है। कटघर निवासी सात वर्षीय उमरा कई दिन से बुखार आने के कारण भर्ती थी।
ब्रजेश पाठक ने उसके पिता फरमान से पूछा कि बच्चे की तबीयत कैसी है और दवाएं मिल रही हैं या नहीं। लाल मस्जिद, कोतवाली क्षेत्र की रेशमा परवीन उच्च रक्तचाप के कारण भर्ती थीं।
उनके पति मोहम्मद यासीन ने बताया कि अब उनकी हालत पहले से बेहतर है। वहीं, डिप्टी सीएम इमरजेंसी के चिकित्सक कक्ष में पहुंचे। इसी दौरान करुला की मोती मस्जिद निवासी इशरत जहां अपने बेटे जमशेद को दिखाने पहुंची थीं।
वह इमरजेंसी के बाहर बैठी थीं। डिप्टी सीएम ने परेशानी पूछी तो उन्होंने बेटे के पेट में दिक्कत होने की बात बताई। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बच्चे को दिखाया।
यह भी पढ़ें- 'शिक्षक में होती है असीम ताकत...' मुरादाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया समाज को दिशा देने का गुरुमंत्र
