विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मकान और 25 लाख के लालच में खूनी खेल: 7 साल से लिव-इन में रह रही महिला ने बेटे संग मिलकर की दिव्यांग प्रेमी की हत्या

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:26 PM (IST)

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में दिव्यांग प्रमोद की हत्या उनकी लिव-इन पार्टनर सुनीता ने अपने नाबालिग बेटे और एक कर्जदार अबरार ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. मकान बेचकर शादी करना चाहते थे प्रमोद, इसी बात को लेकर बढ़ा था विवाद

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा में दिव्यांग की हत्या उन्हीं के साथ सात साल से लिव-इन में रह रही सुनीता ने अपने नाबालिग बेटे और अबरार के साथ मिलकर की थी। मृतक ठाकुरद्वारा में बनाए गए मकान को बेचकर शादी करना चाहते थे। जबकि अबरार ने 25 लाख रुपये ब्याज पर ले रखे थे।

महिला ने दिव्यांग की संपत्ति हड़पने के लिए बेटे शिवा और अबरार के साथ मिलकर प्रमोद कुमार की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित मां बेटे समेत तीनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

मूंढापांडे क्षेत्र के गांव सहरिया गनेशपुर निवासी प्रेमपाल का बेटा प्रमोद कुमार 15 साल से ठाकुरद्वारा में रह रहे थे। उन्होंने कई लोगों को ब्याज पर रुपये दे रखे थे।

एक साल पहले प्रमोद ने ठाकुरद्वारा में तीन मंजिला मकान बनाया था। उसी मकान में रह रहे थे। वहीं ठाकुरद्वारा निवासी सुनीता के साथ वह सात साल से लिव-इन में रह रहे थे। सुनीता पहले से ही शादीशुदा है।

सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे सुनीता प्रमोद कुमार के घर से पहले पति जगन्नाथ के पास चली गई। प्रमोद घर में अकेला रह गए। मंगलवार सुबह दुधिया दूध देने पहुंचे तो दरवाजे के बाहर खून पड़ा देखा।

खून बहता देख दुधिया ने शोर मचा दिया। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। घटनास्थल पर एक कुल्हाड़ी पड़ी थी। प्रमोद के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करके हत्या की गई।

कुल्हाड़ी के हमले से प्रमोद की आंख भी कट गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता के शिकायती पत्र पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार अबरार हुसैन ने प्रमोद से ब्याज पर 25 लाख रुपये उधार ले रखे थे।

अबरार पैसे लौटाने से बचना चाहता था, जबकि सुनीता और इसका नाबालिग बेटे की मंशा प्रमोद के मकान पर कब्जा करने की थी। इसी को लेकर तीनों ने मिलकर प्रमोद की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

शुक्रवार को पुलिस ने सुनीता उर्फ पूजा और अबरार हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने आरोपितों को जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद जिला अस्पताल में अचानक पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मां की फरियाद सुनते ही तुरंत दिए ऑपरेशन के निर्देश