Moradabad crime : दहेज के लिए आठ माह की गर्भवती को बेरहमी से पीटा, मौत
विवाहिता की मौत के बाद कार्रवाई को लेकर तैयारियां तेजी मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ससुरालियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मुरादाबाद। थाना मूंढापांडे क्षेत्र के एक गांव में गर्भवती महिला की बेरहमी से पिटाई कर ससुराल वालों ने मार डाला। घटना की सूचना पर बुधवार देर रात पुलिस मौके पर पहुंच गई। हत्या के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
नेहा रानी पुत्री चंद्रपाल सिंह टांडा रामपुर की रहने वाली थी। डेढ़ साल पहले उसकी शादी मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सरकड़ा खास गांव निवासी प्रमोद कुमार के साथ हुई थी। मृतका के भाई कमल के मुताबिक शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था। इसके बाद भी बहन के ससुराली संतुष्ट नहीं थे। छोटी-छोटी बातों को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। पंचायत के जरिए मसले को कई बार निपटाने की भी कोशिश की गई। वर्तमान में बहन आठ माह की गर्भवती थी। आरोप है कि दहेज की खातिर ससुरालियों ने गर्भवती बहन को बुरी तरह से लाठी-डंडों से पीटा। इससे उसकी मौत हो गई। गांव वालों को दिखाने के लिए कटघर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे तो बहन की मौत हो चुकी थी। कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ससुरालियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।