'कुर्सी नहीं मिली तो जमीन पर बैठीं महिला कार्यकर्ता, मनाते-मनाते छूटे नेताओं के पसीने; कांग्रेस सम्मेलन में हंगामा'
मुरादाबाद में कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश पदाधिकारी सम्मेलन में अव्यवस्था हावी रही, जहां कुर्सियां न मिलने पर महिला कार्यकर्ताओं ...और पढ़ें

बैठने के लिए स्थान नहीं मिलने पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता मंच के सामने जमीन पर बैठ गईं। इसे लेकर काफी देर हंगामा होता रहा। बाद में किसी तरह वरिष्ठ नेताओं ने समझा कर महिला कार्यकर्ताओं को शांत किया। जागरण
HighLights
बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिलने पर मंच के सामने दरी पर बैठीं, सीटिंग प्लान भी धरा रह गया
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मेलन में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी सामने आई। दूसरे जिलों से आईं महिला कार्यकर्ताओं को बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिलीं तो वे गुस्से में मंच के सामने दरी पर जमीन पर बैठ गईं। महिला कार्यकर्ताओं के इस तरह विरोध जताने से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में खलबली मच गई।
उन्हें मनाने के लिए मान-मनौव्वल शुरू हुई। काफी प्रयास के बाद महिला कार्यकर्ताओं को आगे की कुर्सियों पर बैठने के लिए जगह उपलब्ध कराई गई। इसके बाद ही मामला शांत हो सका।
सम्मेलन में अव्यवस्था केवल महिला कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रही। मंच पर नेताओं के बैठने की व्यवस्था के लिए सीटिंग प्लान बनाया गया था। किस नेता को आगे बैठना है और किसे पीछे, यह भी पहले से तय था।
इसके बावजूद मौके पर पूरा प्लान धरा रह गया। जिन नेताओं के नाम के सामने कुर्सियां तय थीं, उन पर पहले ही दूसरे लोग कब्जा जमाकर बैठ गए। इससे मंच पर भी अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
सम्मेलन में पहुंचीं कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित को भी बैठने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। कार्यक्रम के दौरान मंच से बार-बार अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की जाती रही।
जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सारस्वत सोनी और कांग्रेस नेता सचिन चौधरी समेत कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती का संदेश देने के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर हुई नाराजगी चर्चा का विषय बनी रही।
बेटे को शहर से चुनाव लड़ाने का दिया संकेत
सम्मेलन में पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने भी अपने संबोधन के दौरान बेटे हाजी जुनैद इकराम की तारीफ की। भीड़ जुटने पर उन्होंने बेटे को बधाई देते हुए कहा कि उसने उनकी लाज रख ली।
कहा कि रात में उसकी पीठ भी थपथपाएंगे। उनके बयान को बेटे को शहर से चुनाव लड़ाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा उर्फ मोना मिश्रा की मौजूदगी में दिए गए इस बयान ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी।
दूसरे दलों के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
पूर्व महानगर अध्यक्ष रिजवान कुरैशी ने हाथ का पंजा देकर अतिथियों का स्वागत किया। एआइएमआइएम के महानगर अध्यक्ष रियायत अंसारी और आजाद समाज पार्टी के महानगर अध्यक्ष मसरूर अहमद के साथ आए समर्थकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और पार्षद तय्यब अंसारी भी कांग्रेस में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने की। संयोजन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष हाजी जुनैद इकराम ने किया, जबकि संचालन निवर्तमान प्रदेश सचिव मुहम्मद रेहान एडवोकेट ने किया।
सम्मेलन में पूर्व विधायक गजराज सिंह, फूलकुंवर सिंह, मोहम्मद उल्ला चौधरी, जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- '2027 में सिर्फ चुनाव नहीं लड़ेंगे, सरकार बनाएंगे': मुरादाबाद में बोलीं मोना मिश्रा; CEC पर महाभियोग की मांग
