मुरादाबाद में पुलिस छीनती रही पुतला, कांग्रेसियों ने जला दिए CEC के पोस्टर; 'वोट चोर गद्दी छोड़' के लगे नारे
मुरादाबाद में जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने 'वोट ...और पढ़ें

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनते पुलिसकर्मी
HighLights
कलक्ट्रेट तक निकला जुलूस, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई खींचतान
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। आंबेडकर पार्क से कलक्ट्रेट तक निकले जुलूस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सीईसी के पुतले को आग लगाने की कई बार कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पुतले छीन लिए।
आखिर में कलक्ट्रेट गेट के पास कांग्रेसियों ने ज्ञानेश कुमार के पोस्टर को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर खींचतान और अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
-1790594490019.webp)
प्रांतीय आह्वान पर जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर और महानगर अध्यक्ष जुनैद कुरैशी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेसी आंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। यहां से ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार हाय-हाय’ के नारे लगाते हुए जुलूस कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुआ।
कार्यकर्ताओं के हाथों में मुख्य चुनाव आयुक्त के फोटो वाले पोस्टर भी थे। जुलूस के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी चल रहे थे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार कार्यकर्ताओं ने रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर पुतले रखे थे।

पुलिस को इसकी भनक लगी तो सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों ने कई बार पुतले कब्जे में ले लिए। कांग्रेसियों की ओर से भी पुतला बचाने का प्रयास किया गया। इससे रास्ते में कई बार पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान हुई।
कलक्ट्रेट गेट के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले के बजाय सीईसी के पोस्टर को आग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।

महानगर अध्यक्ष जुनैद कुरैशी ने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व जारी चुनाव आयोग की रिपोर्ट में विपक्षी दलों की ओर से उठाए गए मतदाता सूची संबंधी सवालों पर दोबारा जांच की बात सामने आई है।
उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस विरोध कर रही है। जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर ने मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में हुए चुनावों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रही है।
हालांकि उनके आरोपों पर निर्वाचन आयोग का पक्ष इस प्रदर्शन में सामने नहीं आया। विपरीत मौसम के बावजूद प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद और हापुड़ को मिलेंगे नए रेलवे स्टेशन: गाजियाबाद-सीतापुर रूट पर बिछेगी 3री और 4थी लाइन
