विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में सीएम ग्रिड का काम पड़ा सुस्त: व्यापारियों का फूटा गुस्सा, कहा- ऐसे तो ठप हो जाएगा कारोबार!

Published: Sat, 05 Sep 2026 03:24 PM (GMT+05:30)

मुरादाबाद में सीएम ग्रिड योजना के तहत विकास कार्यों की धीमी गति से राहगीर और व्यापारी परेशान हैं। अधूरे निर्माण ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दाऊ दयाल खन्ना नगर में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। योजना के प्रथम चरण में कैल्टन स्कूल से चौधरी चरण सिंह चौक तक प्रस्तावित कार्य अभी तक पूरी तरह से धरातल पर नहीं उतर पाए हैं।

कैल्टन स्कूल से अहिल्याबाई होल्कर चौक तक फुटपाथ का निर्माण अधूरा पड़ा है। वहीं चौक से चौधरी चरण सिंह चौक तक सड़क और नाला निर्माण के साथ डिवाइडरों की रंगाई, स्ट्रीट लाइट तथा फुटपाथ निर्माण जैसे कई कार्य अब भी अधूरे हैं।

निर्माण कार्यों की धीमी गति से राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कंपनी के कर्मचारी दुकानों के सामने गड्ढे खोदकर छोड़ देते हैं, जिससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है।

इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों के मुताबिक फिलहाल सहालग न होने से बाजार में पहले ही मंदी है। ऐसे में यदि निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं हुआ तो कारोबार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार निर्माण कंपनी के ठेकेदार एक स्थान पर काम करने के बजाय अलग-अलग जगहों पर काम कर रहे हैं, जिससे कार्य की गति प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि निगम प्रशासन को प्रतिदिन कार्यों की निगरानी कराकर प्रगति सुनिश्चित करनी चाहिए।

उधर, योजना के द्वितीय चरण में मानसरोवर कॉलोनी में भी निर्माण कार्यों की रफ्तार कछुआ चाल बनी हुई है। अब देखना होगा कि निर्धारित 31 दिसंबर तक दोनों चरणों के कार्य पूरे हो पाते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के सहसपुरी में दहशत के बीच पकड़ा गया 12वां तेंदुआ, कमिश्नर पहुंचीं गांव; अलर्ट जारी