विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में बीच सड़क बम की तरह फटने लगी वैगनआर! अधिवक्ता ने कूदकर बचाई जान, कांठ रोड पर मचा हड़कंप

Published: Sat, 12 Sep 2026 10:21 PM (IST)

मुरादाबाद में एक अधिवक्ता की वैगनआर कार में अचानक आग लग गई, जिससे वह धू-धूकर जलने लगी। अधिवक्ता ने कूदकर ...और पढ़ें

कांठ रोड किला चौराहे पर आग लगने के बाद कार से उठतीं लपटें।जागरण

कांठ रोड किला चौराहे पर आग लगने के बाद कार से उठतीं लपटें।जागरण

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। हरथला पुलिस चौकी के पास सड़क पर कार में अचानक आग लगने से शनिवार शाम अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय सड़क पर काफी भीड़ थी। कुछ लोग अपने घरों को लौट रहे थे, जबकि कई लोग सड़क किनारे टहल रहे थे। कार में आग लगते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कांठ की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

कार में आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। भीड़ में शामिल कई लोग मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बना रहे लोगों को वहां से हटाया और भीड़ को नियंत्रित किया।

उधर, कार में आग लगने की सूचना कुछ ही देर में शहर में तेजी से फैल गई। बड़ी अनहोनी की आशंका के चलते लोग एक-दूसरे को फोन कर घटना की जानकारी लेते रहे। कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।

आग बुझाने के लिए दमकल वाहन को सड़क की दूसरी लेन में खड़ा किया गया। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से मार्ग के दोनों ओर से वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।

कार में आग लगने के बाद क्या करें

  • तुरंत कार रोकें: आग या धुआं दिखाई देते ही वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोकें और इंजन बंद कर दें।
  • चालक समेत सभी यात्री बिना सामान निकालने में समय गंवाए कार से बाहर निकलें। बच्चों और बुजुर्गों को पहले बाहर निकालें।
  • वाहन से काफी दूर हट जाएं। कार के पास खड़े होकर आग बुझाने की कोशिश न करें।
  • बोनट या डिक्की पूरी तरह न खोलें, आग इंजन के हिस्से में हो तो बोनट खोलने से अचानक आक्सीजन मिलने पर लपटें तेज हो सकती हैं। यदि जरूरी हो तो उसे थोड़ा उठाकर अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • वाहन में उपयुक्त एबीसी प्रकार का फायर एक्सटिंग्विशर रखना उपयोगी है। आग छोटी हो और सुरक्षित तरीके से पहुंच संभव हो तभी इसका इस्तेमाल करें।
  • पानी डालने से बचें : खासकर पेट्रोल/डीजल या विद्युत प्रणाली से जुड़ी आग में पानी डालना स्थिति को खतरनाक बना सकता है।
  • आग बुझती हुई दिखाई देने पर भी वाहन के अंदर वापस न जाएं। ईंधन टैंक या अन्य हिस्सों में आग दोबारा भड़क सकती है।
  • धुआं अधिक हो तो दूरी बढ़ाएं: जहरीला धुआं सांस के लिए नुकसानदायक हो सकता है। हवा की दिशा को ध्यान में रखते हुए धुएं से दूर रहें।

इस कारण में लगती है कार में आग

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डाॅ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि कार में आग लगने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें शार्ट सर्किट, वायरिंग में खराबी, ईंधन का रिसाव और इंजन का अधिक गर्म होना प्रमुख हैं।

कई बार सीएनजी या एलपीजी किट में तकनीकी खामी भी आग का कारण बन सकती है। ज्वलनशील सामान को कार में रखना भी जोखिम बढ़ाता है। पुराने वाहनों में समय पर सर्विसिंग और वायरिंग की जांच न होने से खतरा अधिक रहता है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में घिरे अफसर: विधानसभा में किए वादों की फाइलें खुलीं, समिति ने सर्किट हाउस में लिया हिसाब