मुरादाबाद में 80% युवाओं पर चढ़ा दाढ़ी का खुमार: KGF स्टाइल बना पहली पसंद, जानें क्यों ट्रेंड में है बेयर्ड लुक
मुरादाबाद में युवाओं के बीच दाढ़ी रखने का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें 80% युवा KGF जैसी फिल्मों ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
राष्ट्रीय दाढ़ी निषेध दिवस: किसी को फिल्म देखकर चढ़ा शौक, तो किसी को दाढ़ी में दिखता है दमदार व्यक्तित्व
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। चेहरे पर घनी दाढ़ी, करीने से संवारी गई मूंछें और आईने के सामने अपने लुक को निहारते युवा। शहर में इन दिनों दाढ़ी रखना युवाओं की पसंद का अहम हिस्सा बन गया है। कोई फिल्मों से प्रभावित होकर दाढ़ी बढ़ा रहा है तो किसी को लगता है कि इससे उसका व्यक्तित्व ज्यादा दमदार नजर आता है।
इसके उलट क्लीन शेव पसंद करने वाले युवा कहते हैं कि बिना दाढ़ी के चेहरा साफ दिखता है और उम्र भी कम नजर आती है। कुछ नौकरीपेशा युवा कार्यालय की जरूरत और पेशेवर छवि के कारण क्लीन शेव रहना पसंद करते हैं।
18 अक्टूबर को राष्ट्रीय दाढ़ी निषेध दिवस के मौके पर युवाओं के इसी बदलते अंदाज की चर्चा है। शहर में करीब 80 प्रतिशत युवाओं का दाढ़ी रखना अब केवल फैशन नहीं, बल्कि कई युवाओं के लिए उनकी पहचान और व्यक्तित्व का हिस्सा भी बन रही है।
फिल्म से प्रभावित होकर बढ़ा रहे दाढ़ी
शहर के लाकड़ी फाजलपुर के रहने वाले प्रिंश चौहान ने बताया कि केजीएफ फिल्म के अभिनेता यश का लुक देखकर प्रभावित होकर दाढ़ी को बड़ा करके रखा है। दाढ़ी रखने से चेहरा अधिक परिपक्व और अंदाज आकर्षक नजर आता है।
क्लीन शेव में कम उम्र का अहसास
चंद्रनगर के रहने वाले आवरण अग्रवाल बताते हैं कि क्लीन शेव मैं इसलिए रखता हूं क्योंकि दाढ़ी हटाने के बाद चेहरा साफ नजर आता है और उम्र कम लगती है, और कार्यालय के माहौल और अपनी पेशेवर छवि को ध्यान में रखते हुए क्लीन शेव रहना पसंद करते हैं।
दाढ़ी रखकर अलग लगता है अपना अंदाज
रामगंगा विहार के रंजीत बताते हैं कि मुझे दाढ़ी रखना शुरू से पसंद है। जब दाढ़ी बढ़ती है तो चेहरा और लुक दोनों अच्छे लगते हैं। दोस्तों से भी सुनने को मिलता है कि दाढ़ी में मेरा अंदाज अच्छा लगता है।
कॉलेज के लिए क्लीन शेव रहना पसंद है
सिविल लाइन के छात्र प्रकाश का कहना है कि मैं क्लीन शेव रहना पसंद करता हूं, खासकर कालेज जाने के लिए। बिना दाढ़ी के चेहरा साफ-सुथरा लगता है और उम्र भी थोड़ी कम दिखती है। मुझे लगता है कि कालेज में यह लुक अच्छा रहता है।
सैलून में भी पसंद के अनुसार स्टाइल
दाढ़ी को घना रखना हो, हल्की ट्रिमिंग करानी हो या क्लीन शेव कराना हो, युवा अपनी पसंद के अनुसार स्टाइल चुनते हैं। रामगंगा विहार के सैलून संचाल सुनील कुमार ने बताया कि शहर में ज्यादातर युवा दाढ़ी सेट कराने आ रहे हैं।
दिन में अगर 50 लोग आते हैं उनमें 40 लोग दाढ़ी को सेट कराने आते हैं। जिनमें कुछ गोटी स्टाइल रखते हैं जिसमें ठुड्डी और मुंह के आसपास बाल रखे जाते हैं, जबकि गालों को शेव किया जाता है। कुछ फेड दाढ़ी कराते हैं जिसमें कनपटियों के पास दाढ़ी छोटी और नीचे की ओर धीरे-धीरे घनी रखी जाती है।
