आयुष्मान योजना में बड़ा बदलाव! अब सभी राशन कार्ड धारकों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज का फायदा
सरकार आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ा रही है, जिससे मुरादाबाद में सभी राशन कार्ड धारकों को सालाना 5 लाख ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
98 निजी के साथ जिला, महिला अस्पताल और सीएचसी में भी करा सकेंगे कैशलेस उपचार
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश के सभी राशन कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर कैशलेस उपचार की सुविधा देने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
प्रस्ताव लागू होने पर जिले के करीब 3.75 लाख नए परिवारों को भी सालाना पांच लाख रुपये तक के निश्शुल्क उपचार का लाभ मिल सकेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी दीपक वाष्र्णेय ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) की पात्रता सूची के अनुसार, जिले में कुल 5,47,803 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें 5,18,094 पात्र गृहस्थी और 29,709 अंत्योदय राशन कार्ड धारक हैं।
अंत्योदय कार्ड धारकों को पहले से ही आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। वहीं, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों में भी 1.43 लाख लोग विभिन्न श्रेणियों के तहत योजना में शामिल किए जा चुके हैं।
नई व्यवस्था लागू होने पर पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के शेष परिवारों को योजना से जोड़ने का रास्ता साफ होगा। इससे जिले में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की संख्या में बड़ा इजाफा हो सकता है।
हालांकि, नए परिवारों को योजना में शामिल करने की प्रक्रिया और पात्रता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश लागू होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जिले में पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों की संख्या 5,18,094 है।
इनमें शहरी क्षेत्र में 1,75,654 और ग्रामीण क्षेत्र में 3,42,440 राशन कार्ड धारक हैं। वहीं, 29,709 अंत्योदय कार्ड धारकों में शहरी क्षेत्र के 6,198 और ग्रामीण क्षेत्र के 23,511 कार्ड धारक शामिल हैं।
पहले से इन श्रेणियों में जुड़े हैं लाभार्थी
पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों में करीब 1.43 लाख लोग पहले से आयुष्मान योजना में शामिल हैं। इनमें छह यूनिट वाले राशन कार्डों से जुड़े 84 हजार लाभार्थी हैं, जिन्हें सितंबर 2023 में योजना में शामिल किया गया था। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के करीब 20 हजार लोगों और मजदूरी कार्ड के माध्यम से करीब 40 हजार लोगों को योजना से जोड़ा गया।
जिले में 98 निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा
मुरादाबाद जिले में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार कराने के लिए 98 निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनके अलावा जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और जिले के सभी ब्लाकों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आयुष्मान योजना के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
भर्ती होने पर सालाना पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होकर उपचार कराने की स्थिति में प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक के निश्शुल्क इलाज की सुविधा मिलती है।
डाटा लिंक होने के बाद केवाईसी कर बनवा सकेंगे कार्ड
प्रस्ताव लागू होने पर नए पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संबंधित परिवारों का राशन कार्ड से जुड़ा डाटा आयुष्मान योजना के डाटा से लिंक होने के बाद केवाईसी करानी होगी।
केवाईसी पूरी होने पर आयुष्मान कार्ड जारी किया जा सकेगा। लाभार्थी आयुष्मान एप डाउनलोड करके भी स्वयं केवाईसी करने का विकल्प अपना सकते हैं।
यह भी पढ़ें- चीनी के दाम पर अंकुश की तैयारी: मेरठ-बरेली से मुरादाबाद की 7 मिलों को मिलेगा 1.10 करोड़ क्विंटल गन्ना
