2 साल पहले कटा कनेक्शन, लगवा लिया सोलर, लेकिन नहीं भरा बिल! अब 7 हजार बकायेदारों पर होगी RC की कार्रवाई
मुरादाबाद में सात हजार बिजली उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने कनेक्शन कटने के बाद भी बिल जमा नहीं किया, जिन पर ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
कुछ लोग दूसरे के नाम से कनेक्शन लेकर जला रहे हैं बिजली
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बिजली का कनेक्शन कटने के बाद भी बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या जिले में करीब सात हजार है। इन उपभोक्ताओं पर पांच लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन दो साल पहले ही काटे जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बकाया राशि जमा नहीं की है।
कनेक्शन कटने के बाद कुछ उपभोक्ताओं ने घरों पर सोलर पैनल लगवा लिए हैं। वहीं, कुछ उपभोक्ता दूसरे के नाम से नया बिजली कनेक्शन लेकर बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में पुराने कनेक्शन का बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है।
विभाग के लिए इन उपभोक्ताओं से बकाया वसूलना चुनौती बना हुआ है। बिजली विभाग अब ऐसे सभी बकायेदार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। नोटिस के माध्यम से उन्हें बकाया बिल जमा करने के लिए कहा जाएगा।
निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर विभाग तहसील प्रशासन के माध्यम से आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कराने की कार्रवाई करेगा। इसके बाद राजस्व विभाग के माध्यम से बकाया बिजली बिल की वसूली की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि कनेक्शन कटने के बाद भी बकाया राशि जमा न करने वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। सूची के आधार पर चरणबद्ध तरीके से नोटिस जारी किए जाएंगे।
विभाग का प्रयास है कि लंबे समय से लंबित बकाया की वसूली कर राजस्व नुकसान को कम किया जा सके। मुख्य अभियंता शशांक अग्रवाल ने बताया कि जिस उपभोक्ता पर भी बकाया है। उससे बिल वसूलने के लिए विभाग की टीमें लगातार काम कर रही है।
सात हजार उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की तैयारी
बिजली विभाग के अनुसार जिले में करीब सात हजार ऐसे उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं, जिनका कनेक्शन कट चुका है, लेकिन उन्होंने बकाया बिल का भुगतान नहीं किया। अब इन सभी के विरुद्ध वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
