मुरादाबाद में अब घर के पास मिलेगा इलाज, नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने की तैयारी
मुरादाबाद जिले में ग्रामीण और कस्बाई लोगों को प्राथमिक उपचार घर के पास मिल सके, इसके लिए तीन नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मुरादाबाद में तीन नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे।
ग्रामीणों को छोटी बीमारियों के लिए दूर अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा।
प्राथमिक उपचार, जांच और दवाएं घर के पास ही उपलब्ध होंगी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गांव और कस्बों के लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर अस्पताल की दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए जिले में तीन नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाएंगे। भोजपुर क्षेत्र में दो और कुंदरकी में एक केंद्र प्रस्तावित है।
स्वास्थ्य विभाग ने इनके लिए जमीन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रत्येक केंद्र के लिए करीब 1400 वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता होगी। जमीन तय होते ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामान्य बीमारियों के इलाज के साथ आवश्यक जांच और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल, टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा संक्रामक बीमारियों की जांच और उपचार भी किया जाएगा।
मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों की नियमित जांच से बीमारी की समय रहते पहचान पर जोर रहेगा। केंद्रों पर आंख, कान और नाक की सामान्य समस्याओं की जांच, दांतों की शुरुआती जांच और बुजुर्गों की देखभाल जैसी सेवाएं भी मिलेंगी। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी प्राथमिक सहायता भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
गंभीर स्थिति वाले मरीजों को जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की सुविधा लोगों के घर के नजदीक पहुंच सकेगी।
सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जगह मिलने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। इनके बनने से मरीजों को उनके घर के पास ही प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल जाएगी।
यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर मुरादाबाद से होकर चलेंगी 50 स्पेशल ट्रेनें, बिहार-झारखंड के यात्रियों का सफर होगा आसान
