विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली और छठ पर मुरादाबाद से होकर चलेंगी 50 स्पेशल ट्रेनें, बिहार-झारखंड के यात्रियों का सफर होगा आसान

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:07 PM (IST)

रेलवे दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए लगभग 50 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. दीपावली और छठ पूजा के लिए 50 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।

  2. मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरेंगी, बिहार-झारखंड यात्रियों को लाभ।

  3. अक्टूबर की शुरुआत में होगी ट्रेनों की घोषणा, टिकट बुकिंग आसान।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान करीब 50 स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी है। इन ट्रेनों की घोषणा अक्टूबर की शुरुआत में किए जाने की संभावना है। इससे यात्रियों को समय से ट्रेनों की जानकारी मिलने के साथ ही टिकट आरक्षित कराने का मौका मिलेगा।

दीपावली और छठ पर सबसे ज्यादा भीड़ पूरब की ओर जाने वाली ट्रेनों में रहती है। दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़, देहरादून और सहारनपुर की ओर से बिहार, झारखंड, असम और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों की संख्या त्योहारों के दौरान काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रेलवे इन रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने की तैयारी कर रहा है।

मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। इसके लिए ट्रेनों के संचालन, ठहराव और संभावित भीड़ की स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। त्योहारों से पहले ही नियमित ट्रेनों में सीटों की स्थिति लगातार बदल रही है।

कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन गई है, जबकि बड़ी संख्या में यात्री लंबी वेटिंग के बावजूद टिकट बुक कराने का प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों को उम्मीद है कि स्पेशल ट्रेनों की घोषणा होने के बाद उन्हें अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और घर आने-जाने के लिए सीट आरक्षित कराना आसान होगा। रेलवे स्तर पर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के साथ रैक, चालक-परिचालक और अन्य स्टाफ की उपलब्धता की तैयारी की जा रही है।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने, प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित रखने की योजना भी बनाई जा रही है। अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेनों की घोषणा होने पर यात्रियों को समय से अपनी यात्रा की योजना बनाने और टिकट आरक्षित कराने का अवसर मिल सकेगा।