बरेली के पूर्व डिप्टी जेलर के बेटे समेत 13 साइबर ठग गिरफ्तार, देश भर में कर चुके थे 10 करोड़ से ज्यादा की ठगी
मुरादाबाद पुलिस ने देश भर में लोगों से ठगी करने वाले 13 अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।

देशभर के लोगों के साथ ठगी करने वाले साइबर ठग सिविल लाइंस पुलिस की हिरासत में
HighLights
मुरादाबाद में 13 अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार किए गए।
चार साल में 10 करोड़ से अधिक की ठगी की।
एपीके फाइल और निवेश के नाम पर लोगों को ठगते थे।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। देश भर के लोगों को एपीके फाइल भेजकर और निवेश के नाम पर ठगी करने वाले बरेली के पूर्व डिप्टी जेलर जुल्फेकार अली के बेटे मुहम्मद दनियाल समेत उत्तराखंड, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश निवासी 13 अंतरराज्यीय साइबर ठगों को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बीते चार साल से यह ठगी कर रहे थे। अब तक करीब पांच हजार म्यूज बैंक खातों में यह साइबर ठगी करके रकम पहुंचा चुके हैं। गिरोह मुरादाबाद में ठिकाना बनाने के लिए आया था। गिरोह का सरगना फरार है। इनके संपर्क में विदेश में बैठे साइबर ठग भी है। आरोपित किसी एक स्थान पर अधिक नहीं रुकते थे।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरोह के लोग करीब एक माह ही एक शहर में रहते हैं। उस शहर में रहकर स्थानीय लोगों की मदद से कुछ म्यूल बैंक खाते लेकर ठगी करने लगते हैं, लेकिन जिस घर या फिर हाेटल में अपना आशियाना बनाते हैं वहां पर बैठकर ठगी करने के लिए किसी को फोन नहीं करते हैं।
दुबई समेत कई खाड़ी देशों में बैठे साइबर ठगों के संपर्क में थे
जब भी इन लोगों को ठगी करनी होती है तो कार में बैठकर रोड पर निकल जाते हैं। बीते चार साल में यह गिरोह दस करोड़ से अधिक की ठगी कर चुका है। दुबई समेत कई खाड़ी देशों में बैठे साइबर ठगों के भी यह गिरोह संपर्क में है। इन ठगों को म्यूल खाते यही उपलब्ध कराते हैं।
अब तक पांच हजार से अधिक म्यूल खातों में यह साइबर ठगी की रकम डलवा चुके हैं और उसके बाद अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। गिरोह के सभी लोग अब मुरादाबाद अपना ठिकाना बनाने आए थे। जानकारी पर सिविल लाइंस पुलिस ने सोनकपुर पुल के पास में चेकिंग शुरू कर दी।
दो कारों में सवार होकर आ रहे श्रीनिवास लू निवासी गांव चंद्रपडिया थाना बीजा मुरु जनपद नल्लौर आंध्र प्रदेश, विविध पटेरिया निवासी रहेली खास थाना सहेली जिला सागर मध्य प्रदेश, दिव्यम कुमार निवासी मटोर थाना मोहाली चंडीगढ़, अरमान शाह जसपुर उत्तराखंड, सतेंद्र कुमार, राजकुमार निवासी भगवंतपुर थाना जसपुर उत्तराखंड, मंजीत सिंह उर्फ नन्हे निवासी मुहल्ला बीरेनी थाना बाजपुर उत्तराखंड, शिवम विश्वास निवासी धर्म नगरी थाना कोतवाली बिजनौर, मोहम्मद दनियाल निवासी मुहल्ला गेट जाफरा खां ओल्ड सिटी थाना बरादरी बरेली, दलवीर चौहान निवासी विकास नगर मझोला, आजम निवासी देवापुर कटघर, सुमित बैंक कालोनी खुशहालपुर मझोला, महेंद्र सिंह निवासी हजीरा बाजपुर उत्तराखंड को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 26 हजार रुपये, लैपटॉप, सिम के अलावा दो कार बरामद की है।
