छोटी बेटी को दिखाकर बड़ी से कर दी शादी, गुस्साए पति ने पत्नी को घर से निकाला Moradabad News
काउंसलर एमपी सिंह के प्रयास से छोटी को दिखाकर बड़ी बहन से शादी करने का विवाद निपट गया।
मुरादाबाद। ढाई साल पहले छोटी को दिखाकर बड़ी बहन से शादी करने को लेकर चल रहा विवाद रविवार को निपट गया। काउंसलर एमपी सिंह के समझाने पर युवक पत्नी को नारी उत्थान केंद्र से ही अपने साथ ले गया।
कांठ क्षेत्र की युवती की शादी ढाई साल पहले अमरोहा के आजमपुर गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के अगले दिन से ही विवाद शुरू हो गया। युवक का आरोप था कि छोटी बहन को दिखाकर उसकी शादी बड़ी बहन से कर दी। कुछ समय संतान नहीं होने पर उसने फिर से छोटी बहन से शादी कराने को कहा। इस पर ससुराल वालों ने छोटी बेटी की शादी आनन-फानन में कर दी। बाद में तीसरे नंबर की बेटी का भी विवाह कर दिया। इससे गुस्सा होकर युवक ने पत्नी को घर से निकाल दिया।
दो महीना पहले यह मामला नारी उत्थान केंद्र में आया। कई बार दोनों पक्षों को बुलाकर बात की गई। रविवार को काउंसलर एमपी सिंह ने पति और पत्नी से बात की। पति ने फिर वही पुरानी बात कहनी शुरू कर दी। कहने लगे मेरे साथ धोखा हुआ है। काउंसलर ने ईश्वर की इच्छा का हवाला देते हुए कहा कि यह किसी के वश का काम नहीं है। जोड़े ऊपरवाला बनाता है। अच्छा बुरा तो स्वभाव होता है। रंग पर मत जाओ। ईश्वर ने आपका अच्छा जोड़ा बनाया है। खुश होकर साथ रहो। इसके अलावा और भी तमाम बातें हुई।
समझ में आने पर युवक पत्नी को साथ ले जाने के लिए राजी हो गया। नारी उत्थान केंद्र की प्रभारी संध्या रावत ने बताया रविवार को सात जोड़े साथ रहने को राजी हुए हैं। काउंसलर रेहाना रहमान, गरिमा सिंह, ऋतु नारंग ने भी समझौते कराए।