अवैध संबंध में बर्बाद हो गई महिला की शादीशुदा जिंंदगी, फर्म संचालक पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश
Misdeed with Woman पत्नी जब बाहर जाती थी तो व्यापारी महिला को अपने घर बुला लेता था। इस दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया। पीड़िता ने दूसरा निकाह कर लिया तो फैक्ट्री संचालक आग बबूला हो गया।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Misdeed with Woman : थाना कटघर क्षेत्र निवासी महिला ने फैक्ट्री संचालक पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
थाना कटघर के करूला इलाके में रहने वाली महिला के अनुसार तीन साल पहले पति से उसका तलाक हो गया था। तलाक के बाद परिवार चलाने के लिए वह कटघर के जब्बार कालोनी निवासी की पीतल फैक्ट्री में काम करने लगी। पीड़ित का कहना है कि काम के दौरान अच्छे व्यवहार के कारण उसे फैक्ट्री संचालक पर भरोसा हो गया और वह उसके घर आने जाने लगी। आरोपित की पत्नी जब बाहर जाती थी तो वह उसे अपने घर बुला लेता था। इस दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया। पीड़िता ने दूसरा निकाह कर लिया तो फैक्ट्री संचालक आग बबूला हो गया। उसके साथ गाली गलौज करते हुए धमकी दी कि वह उसके बुलाने पर घर नहीं आएगी तो वीडियो उसके पति को भेजने के साथ ही वायरल कर देगा। एक दिन आरोपित के घर से निकलते समय पति ने उसे देख लिया। पति ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करा दिया। महिला ने मांग कि आरोपित व्यापारी की वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसएसपी बबलू कुमार ने कटघर थाना प्रभारी को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
देवर और जेठ ने किया दुष्कर्म, पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाला : थाना भोजपुर के गांव निवासी महिला के अनुसार उसका निकाह 11 जून 2021 को गांव के ही युवक के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ससुरालियों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि निकाह के बाद से पति अप्राकृतिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर मारपीट करता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि चार नवंबर को जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत करने पर सास-ससुर ने कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सात नवंबर को देवर ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पति और ससुरालियों से शिकायत की तो सभी ने उल्टा उसे ही भला-बुरा कहा। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो पति ने तीन तलाक देकर घर से भगा दिया। आरोप है कि जेठानी ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाकर जान से मारने की भी कोशिश की। जिसके बाद पीड़िता ने 112 पर काल करके पुलिस को सूचना दी। इसके बाद भी थाना स्तर पर पीड़िता की शिकायत नहीं सुनी गई। परेशान होकर पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। मामले में एसएसपी ने केस दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।