पांच माह पहले हुई थी शादी, संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
जिस घर में पांच माह पहले सुरभि दुल्हन बनकर आई थी उसी घर से उसकी अर्थी उठी। रो-रोते मायके वालों बदहवास हो गए। दिलासा देने वाले भी अपने आंसुओं को रोक नहीं सके।
सम्भल, जेएएन। चन्दौसी कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत कैसे हुई इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही है। शादी पांच माह पहले हुई थी।
नगर के वीर सावरकर कालोनी रोहित शर्मा की शादी पांच माह पहले आंवला निवासी सुरभि से हुई थी। कालोनी के लोगों का कहना है कि शुक्रवार की शाम विवाहिता के साथ मारपीट की गई। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। पति अस्पताल लेकर भी गया। सात बजे विवाहिता के पिता राजीव त्रिपाठी को सूचना दी कि गई कि सुरभि की तबीयत ज्यादा खराब है। सूचना के बाद वह चन्दौसी के लिए चल दिए। जब तक वह यहां पहुंचे तब तक विवाहिता की मौत हो गई। उन्होंने हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। कोतवाल धर्मपाल ङ्क्षसह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौत कैसे हुई यह अभी पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस बात की पुष्टि होगी।
पांच माह में ही उजड़ गई दुनिया
पांच माह पहले हुई शादी में सुरभि काफी खुश थी। अपना घर संसार बसने पर वह फूले नहीं समा रही थी लेकिन, किसी को क्या मालूम था कि बहुत जल्द ही उसके सपने बिखर जाएंगे। मायके वालों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।