मसाज पार्लर की डायरी खोलेगी राज, देह व्यापार में बेनकाब हो सकते हैं कई बड़े नाम
ब्लॉसम स्पा बॉडी मसाज पार्लर की डायरी बड़े बड़ों को बेनकाब कर रही है।
मुरादाबाद । ब्लॉसम स्पा बॉडी मसाज पार्लर की डायरी बड़े बड़ों को बेनकाब कर रही है। सीओ सिविल लाइन से कॉल कर कई लोगों ने पूरे मामले को दबाने की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि तीन माह के समय में ही मसाज पार्लर से बड़ी संख्या में लोग जुड़ गए थे। उधर, सभी छह लड़कियों की जमानत होने के बाद उन्हें नोएडा के सेंटर पर शिफ्ट कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्हें मसाज पार्लर की दूसरी शाखा में भेजा जा रहा है। मसाज पार्लर पर आने वाले ग्राहक सीढ़ी पर लटके ताले को देखकर ही लौट रहे हैं।
तीन माह पहले खोली गई थी शाखा
कांठ रोड स्थित ब्लॉसम स्पा बॉडी मसाज पार्लर की तीन माह पहले शाखा खोली गई थी, जिसका संचालन हापुड़ के बाबूगढ़ स्थित हौजदारपुर निवासी राकेश चौधरी और महेश शर्मा को दी गई थी। दोनों ही मसाज पार्लर का संचालन कर रहे थे। लड़कियों की जिम्मेदारी नोएडा की रहने वाली बॉबी ठाकुर उर्फ गोरी को दी गई थी।
पार्लर की आड़ में शुरू किा अनैतिक व्यापार
तीनों ने मिलकर समाज पार्लर की आड़ में अनैतिक व्यापार शुरू कर दिया। बुधवार की रात साढ़े 11 बजे पुलिस ने छापा मारकर छह लड़कियों और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से लड़कियों को जमानत दे दी गई, जबकि दोनों आरोपित राकेश चौधरी और महेश शर्मा को जेल भेज दिया। सभी लड़कियों को जमानत मिलने के बाद नोएडा में मसाज पार्लर पर भेजा गया है, जहां से तीन लड़कियां अपने घर को लौट गई है, जबकि तीन लड़कियों को दूसरी शाखा में शिफ्ट किया जा रहा है।
तीन महीने में ही बड़ों तक बनाई पहुंच
सबसे अहम बात यह है कि तीन महीने में ही मसाज पार्लर की पकड़ बड़े बड़े लोगों तक हो गई थी। शुक्रवार को कई पदाधिकारियों ने मसाज पार्लर से मिली डायरी को ओपन नहीं करने की बात सीओ सिविल लाइन से की है। एसएसपी जे रविन्दर गौड का कहना है कि डायरी को पुलिस ओपन नहीं करेगी। विवेचना का हिस्सा जरूर कुछ लोगों को बनाया जा सकता है। दरअसल, पुलिस अफसरों का कहना है कि डायरी में ऐसे ऐसे नाम है, जिनमें कई बड़े पदाधिकारी भी बेनकाब हो जाएंगे।
बिना लाइसेंस के चल रहा था मसाज पार्लर
मसाज पार्लर पर स्वास्थ्य विभाग का लाइसेंस तक नहीं था। उसके बाद भी तीन माह से किसी की नजर पार्लर पर नहीं पड़ी, जबकि पार्लर से फॉरच्यूनर में बैठाकर रोजाना लड़कियों को लाने और ले जाने का काम चलता था, जिस स्थान पर पार्लर बनाया गया है, उसके नीचे ग्राउंड फ्लोर पर महिलाओं के कपड़ों का शोरूम है, यहां पर हमेशा महिलाओं को आना जाना रहता है। सीओ राजेश कुमार ने बताया कि विवेचना में पार्लर के मालिक को नोटिस भेजकर सभी लाइसेंस मांगे गए है। विवेचना का हिस्सा भी मसाज पार्लर मालिक को भी बनाया जाएगा।