आजम समेत कई बड़े नेताओं को लौटाने होंगे शस्त्र लाइसेंस Rampur News
रामपुर जिले में करीब सौ लोगों के पास तीन-तीन असलहा हैं इन्हें खुद ही एक असलहा जमा करने का समय दिया गया है। प्रशासन ने आदेश पर अमल करने की तैयारी शुरू कर दी है।
रामपुर, जेएनएन। सरकार ने शस्त्र नियमावली में परिवर्तन करते हुए अब केवल दो लाइसेंसी असलहा रखने के आदेश दिए हैं, जबकि पहले कोई भी व्यक्ति तीन लाइसेंसी असलहा ले सकता था। रामपुर में ऐसे करीब सौ लोग हैं, जिनके पास तीन-तीन शस्त्र लाइसेंस हैं। इनमें दर्जनभर नेता भी शामिल हैं। अब इन्हें एक-एक लाइसेंसी असलहा जमा करना होगा।
आदेश पर अमल की कार्रवाई शुरू
शासन ने जो आदेश दिए हैं, उसपर अमल कराने के लिए प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर मजिस्ट्रेट एवं शस्त्र प्रभारी अधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता कहते हैं कि शासन ने नियम बना दिया है। इसका अनुपालन कराया जा रहा है। अब कोई भी व्यक्ति केवल दो लाइसेंसी असलहा ही अपने पास रख सकेगा।
बेटे के नाम कराए लाइसेंस
पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना के पास भी रायफल, रिवाल्वर और बंदूक के लाइसेंस रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने शासन के नियम की जानकारी मिलते ही उसपर अमल कर लिया है। अब दो लाइसेंस अपने बेटे विकास सक्सेना के नाम करा दिए हैं। इसी तरह भाजपा नेता जुगेश अरोरा के पास भी तीन लाइसेंस हैं। उनका कहना है कि वह एक लाइसेंस अपने बेटे का नाम करा रहे हैं। पूर्व मंत्री आजम खां के पास भी तीन लाइसेंसी असलहा हैं। पिछले साल उनके शस्त्र लाइसेंस जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिए थे, लेकिन बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर बहाल कर दिए गए थे। अब उन्हें भी नए शासनादेश के अनुसार एक लाइसेंसी असलहा जमा करना होगा।
आजम ने भिजवाया था दो बार जेल : दीक्षा
सपा के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री आजम खां के जेल जाने पर पूर्व पालिकाध्यक्ष व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष दीक्षा गंगवार ने कहा कि ईश्वर ने न्याय किया है। आजम खां ने मुझे भी दो बार जेल भेजा था। अधिशासी अधिकारी को पिटवाया था। पालिका में ताले डलवाए थे। उसके पश्चात मेरी पावर सीज की गई थी। मुझे पद से बर्खास्त किया गया था। मैंने चारों प्रकरणों में हाईकोर्ट की शरण ली थी और हाईकोर्ट से मुझे लगातार राहत मिलती गई। आजम खां कहते थे ऊपर अल्लाह न्याय करता है और नीचे हम फैसला करते हैं। वह भूल गए थे कि ऊपर हो या नीचे पूरी दुनिया, पूरे संसार में, पूरे ब्रह्मांड में वहीं एक शक्ति है जो फैसले करती है।