Crushing mentha:मैंथा की पेराई के लिए फैक्ट्रियों पर लग रहे नंबर,किसानों को करना पड़ रहा लंबा इंतजार Sambhal News
ऐसे में मैंथा फैक्ट्री संचालक किसानों के नंबर लगा देते है। किसान फैक्ट्री पर ट्राली खड़ी कर घर चले जाते हैं।उनका नंबर आने पर किसान आ जाते हैं।
सम्भल,जेएनएन। जनपद में पिछले वर्ष की अपेक्षा मैंथा की फसल बड़े पैमाने पर की गई। इससे मैंथा फैक्ट्रियों पर तेल निकलवाने वाले किसानों की भीड़ बढ़ गई है। किसानों को फैक्ट्रियों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। फैक्ट्री संचालक किसानों के नंबर लगा देते हैं। जब उसका नंबर आता है, तभी मैंथा की पेराई की जाती हैं।
जनपद में इस बार लगभग ५००० हेक्टेअर भूमि पर मैंथा की फसल की गई है। फसल ज्यादा होने की वजह से फैक्ट्रियों पर मैंथा ज्यादा पहुंच रहा है और उसकी पेराई करने में दो से तीन दिन लग रहे हैं। ऐसे में मैंथा फैक्ट्री संचालक किसानों के नंबर लगा देते है। किसान फैक्ट्री पर ट्राली खड़ी कर घर चले जाते हैं।उनका नंबर आने पर किसान आ जाते हैं। इस समय सीजन चल रहा है। ऐसे में मैंथा फैक्ट्रियों पर किसानों की कई कई ट्राली खड़ी रहती हैं। फैक्ट्री संचालकों ने बताया कि इस बार कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से नई फैक्ट्रियां नहीं लग पाई।
क्योकि उसी समय शहर में टंकी बनाने का काम चल रहा था। उसी समय कोरोना की वजह से लॉकडाउन हो गए। इसी वजह से लोग टंकी लेने नहीं पहुंचे। जिसकी वजह से इस बार नयी फैक्ट्रियां नहीं लगी। पिछले दो तीन वर्षों से जनपद में किसान मैंथा की फसल से दूरी बना रहे थे। जिसकी वजह से पिछले वर्षों में लोगों ने मैंथा की फैक्ट्री खत्म कर दी। जिसकी वजह से भी मैंथा फैक्ट्रियों पर भीड़ लग रही है। उन्होंने कहा कि यह एक सप्ताह की और भीड़ है। इसके बाद में मैंथा की पेराई का काम कम हो जाएगा।
दिन रात पेराई कर रहे फैक्ट्री संचालक, नहीं घट रही भीड़
इस समय मैंथा का सीजन अपने चरम पर है। ऐसे में आसमान में बादल छाने से किसानों को मैंथा की पेराई की चिंता सता रही है। इसी को लेकर किसान जल्दी जल्दी फसल काट कर मैंथा फैक्ट्री पर ला रहे हैं। जिससे की उसकी पेराई हो सके। इसी के चलते फैक्ट्रियों पर भीड़ लग रही है। भीड़ को खत्म करने के लिए फैक्ट्री संचालक दिन व रात में पेराई कर भीड़ कम कर रहे हैं।