रेल यात्री ध्यान दें! मुरादाबाद से गुजरने वाली कई ट्रेनों का रूट बदला, देखें लिस्ट
लखनऊ स्टेशन पर यातायात और ओएचई कार्य के चलते 14 व 15 सितंबर को मुरादाबाद से गुजरने वाली कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
14 और 15 सितंबर को मुरादाबाद से गुजरने वाली ट्रेनें प्रभावित होंगी।
लखनऊ स्टेशन पर यातायात और ओएचई कार्य के कारण मार्ग बदले।
दून, त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। यात्रियों को 14 और 15 सितंबर को मुरादाबाद से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों को यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ेगी। लखनऊ स्टेशन पर यातायात और ओएचई कार्य के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं।
इनमें प्रयागराज संगम-बरेली, प्रयागराज संगम-सहारनपुर, त्रिवेणी एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस और बनारस-देहरादून एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें शामिल हैं। लखनऊ स्टेशन पर लाइन नंबर चार और पांच पर यातायात और ओएचई ब्लॉक का समय बढ़ाया गया है। इसके साथ ही 14 और 15 सितंबर को प्लेटफार्म दो, तीन, छह और सात पर अतिरिक्त छह घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। यह ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग के बजाय उत्रटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-अलामनगर के रास्ते चलाई जाएंगी।
प्रयागराज संगम से बरेली जाने वाली 14307 संगम एक्सप्रेस और बरेली से प्रयागराज संगम जाने वाली 14308 ट्रेन बदले मार्ग से चलेंगी। इसी तरह 14241 प्रयागराज संगम-सहारनपुर और 14242 सहारनपुर-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस का मार्ग भी बदला गया है।
कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले जाएंगे
टनकपुर से सिंगरौली और शक्तिनगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की कई ट्रेनें भी परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। हावड़ा-देहरादून और देहरादून-हावड़ा दून एक्सप्रेस के साथ ही बनारस-देहरादून और देहरादून-बनारस एक्सप्रेस भी प्रभावित ट्रेनों में शामिल हैं।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि लखनऊ स्टेशन पर कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले जाएंगे। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और प्लेटफॉर्म की जानकारी एनटीईएस अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से लेने की सलाह दी गई है।
अलामनगर, ऐशबाग और प्रयागराज जंक्शन पर चालक दल बदलने के लिए 10 मिनट का ठहराव दिया जाएगा, जबकि उत्रटिया और बादशाहनगर में पांच मिनट का ठहराव होगा।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में सर्राफा व्यापारी के नौकर से 19 लाख की लूट, चाकू की नोक पर वारदात को दिया अंजाम
