विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LLB Result: 5 विषयों में बैक तो कहीं शून्य ग्रेड! यूनिवर्सिटी के नतीजों से सहमे छात्र, आंदोलन की दी चेतावनी

Published: Wed, 28 Oct 2026 11:28 PM (IST)

गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम में कई छात्रों को शून्य ग्रेड प्वाइंट और विषयों में बैक ...और पढ़ें

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय

HighLights

  1. शून्य ग्रेड प्वाइंट वाले अंकपत्रों से मूल्यांकन पर उठे सवाल

  2. आंतरिक मूल्यांकन में भेदभाव का आरोप, छात्र सचिन चौधरी ने दी आंदोलन की चेतावनी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। चार महीने के लंबे इंतजार के बाद गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने मंगलवार को एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम जारी किया तो विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गईं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अंकपत्रों में कई विद्यार्थियों को पांचों विषयों में बैक मिली है। कुछ के अंकपत्र में सभी विषयों के ग्रेड प्वाइंट शून्य दर्ज हैं, जबकि कुछ विद्यार्थी एक या दो विषयों में ही उत्तीर्ण हो सके हैं।

परिणाम को लेकर विद्यार्थियों ने आंतरिक मूल्यांकन और प्रैक्टिकल के अंकों में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया है। केजीके पीजी कालेज के छात्र सचिन चौधरी का दावा है कि सरकारी कालेजों के विद्यार्थियों को कुछ विषयों में 11, 15 और 18 अंक दिए गए हैं।

जबकि निजी कालेज के कुछ विद्यार्थियों को पांचों विषयों में 24-24 अंक मिले हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर बड़े छात्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

शहनवाज और हिमांशु के पांचों विषयों में बैक

केजीके पीजी कालेज के मोहम्मद शहनवाज के द्वितीय सेमेस्टर संवैधानिक कानून में 17, विशिष्ट संविदा में 33, मुस्लिम विधि में 24, कंपनी विधि में 28 और संपत्ति विधि में 22 अंक मिले हैं। पांचों विषयों में फेल ग्रेड दर्ज है। उनका सेमेस्टर ग्रेड प्वाइंट औसत शून्य है।

इसी तरह कृष्णा महाविद्यालय, ठाकुरद्वारा के हिमांशु सागर को संवैधानिक कानून में 38, विशिष्ट संविदा में 36, मुस्लिम विधि में 32, कंपनी विधि में 36 और संपत्ति विधि में 31 अंक मिले हैं।

अंकपत्र में पांचों विषयों में बैक दर्ज है और एसजीपीए शून्य है। कृष्णा महाविद्यालय, ठाकुरद्वारा के मोहम्मद जावेद के अंकपत्र में संवैधानिक कानून में 46 और विशिष्ट संविदा में 40 अंक के साथ उत्तीर्ण ग्रेड दर्ज है।

मुस्लिम विधि में 35, कंपनी विधि में 38 और संपत्ति विधि में 33 अंक मिलने के बावजूद इन तीन विषयों में बैक दर्ज है। एसजीपीए 0.80 है। अफजलगढ़ ला कालेज के गुलाम नबी फेल ग्रेड मिली है।

केजीके पीजी कालेज की एक छात्रा के अंकपत्र में संवैधानिक कानून में 35 अंक और फेल ग्रेड दर्ज है। केजीके कालेज के छात्र सचिन चौधरी का आरोप है कि सरकारी और निजी कालेजों के विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंकों में अंतर है।

उनका दावा है कि कुछ निजी कालेजों के विद्यार्थियों को पांचों विषयों में एक समान 24-24 अंक दिए गए, जबकि सरकारी कालेजों के कुछ विद्यार्थियों को कम अंक मिले हैं। वहीं इस मामले में विवि के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी को फोन किया गया पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।

पहले सेमेस्टर में भी उठे थे सवाल, अब कार्रवाई की मांग

पहले सेमेस्टर के परिणाम में भी प्रैक्टिकल और आंतरिक मूल्यांकन के अंकों को लेकर सवाल उठे थे। उस समय भी विद्यार्थियों ने अपनी आपत्तियां रखी थीं।

यह भी पढ़ें- सऊदी अरब में फंसे मुरादाबाद के 134 उमरा यात्री, होटल मालिक ने सामान निकालने को कहा; वतन वापसी का टिकट हुआ 3 गुना महंगा