विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का पासपोर्ट नेटवर्क फिर सक्रिय: हरियाणा के बदमाशों का यूपी के पते पर बन रहा था फर्जी पासपोर्ट, 2 गिरफ्तार

Published: Wed, 07 Oct 2026 04:56 PM (IST)

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए फर्जी पासपोर्ट बनाने वाला महफूज अब हरियाणा के लोगों के लिए मुरादाबाद के पते पर ...और पढ़ें

प्रकरण का खुलासा करते पुलिस अधिकारी

प्रकरण का खुलासा करते पुलिस अधिकारी

HighLights

  1. हरियाणा के लोगों का मुरादाबाद के पते पर बनवा रहा था पासपोर्ट

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। लारेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों का फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाकर उन्हें विदेश भेजने वाला अगवानपुर के महफूज ने अब मुरादाबाद के पते पर हरियाणा के लोगों का पासपोर्ट बनवाना शुरू कर दिया। कटघर पुलिस ने फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवा रहे महफूज और आकाश निवासी फरीदपुर सेक्टर 78 फरीदाबाद हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।

महफूज को हरियाणा पुलिस भी तलाश कर रही थी। पुलिस ने उनके कब्जे से आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, चेकबुक, फर्जी बिजली बिल, अंकपत्र और ग्राम प्रधान व पार्षदों के लेटर पैड समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए हैं।

आरोपितों के पास से एक लैपटाप और मोबाइल फोन भी मिला है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में महफूज निवासी अगवानपुर, हाल निवासी पीर का बाजार और आकाश निवासी फरीदपुर सेक्टर-78, फरीदाबाद शामिल हैं।

दोनों को रामगंगा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। छह अक्टूबर को कटघर थाने में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पूछताछ में महफूज ने पुलिस को बताया कि बरेली निवासी मुकेश शर्मा पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों के नाम और फोटो भेजता था। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर उनके आधार पर पासपोर्ट के लिए आवेदन कराया जाता था।

पुलिस के अनुसार, आकाश ने अपना पासपोर्ट रवि पुत्र प्रेमस्वरूप, निवासी ताजपुर माफी के नाम से बनवाने का प्रयास किया था। आवेदन निरस्त होने के बाद दोनों दोबारा आवेदन की तैयारी में जुटे थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छह बैंक पासबुक, पांच चेकबुक, 25 आधार कार्ड, चार पैन कार्ड, पांच जन्म प्रमाणपत्र, फर्जी अंकपत्र, दो आरसी और अन्य कागजात बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, महफूज के खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, पासपोर्ट अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद मंडल में रात 10:20 बजे अचानक हिली धरती, घरों से बाहर भागे लोग; जानें रिक्टर स्केल पर कितनी थी तीव्रता