मुरादाबाद मंडल में रात 10:20 बजे अचानक हिली धरती, घरों से बाहर भागे लोग; जानें रिक्टर स्केल पर कितनी थी तीव्रता
मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में रात करीब 10:20 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल ...और पढ़ें

आधिकारिक वेबसाइट
HighLights
रात करीब 10:20 बजे महसूस किए गए झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4 से 5 के बीच आंकी गई
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। रात करीब 10:20 बजे अचानक धरती के हिलने से मुरादाबाद में दहशत फैल गई। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। कई स्थानों पर कुछ सेकेंड तक कंपन महसूस होने की बात सामने आई। अचानक घरों में सामान और पंखे हिलने लगे तो लोग सतर्क हो गए। कुछ लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
जिला आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार ने बताया कि रात करीब 10:20 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। प्रारंभिक आकलन में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर चार से पांच के बीच बताई गई है।

देररात तक जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी गई।विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता पांच से अधिक होने पर नुकसान की आशंका बढ़ जाती है।
हालांकि नुकसान केवल तीव्रता पर निर्भर नहीं करता, बल्कि भूकंप की गहराई, केंद्र से दूरी, भवनों की मजबूती और झटकों की अवधि भी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है।
भूकंप के झटकों के बाद इंटरनेट मीडिया पर भी कंपन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। लोग एक-दूसरे से फोन कर जानकारी लेते रहे। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।
रामपुर में भी महसूस हुआ भूकंप का झटका
रामपुर। जिले में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया। हालांकि यहां बहुत कम तीव्रता का भूकंप होने के चलते कई लोगों को पता भी नहीं चला। रात करीब 10.30 मिनट पर अचानक लोगों को भूकंप का अहसास हुआ।
इससे लोग घबरा गए और एक-दूसरे को फोन और वाट्सएप पर संदेश भेजकर जानकारी करने लगे। पुराना गंज के रमेश कुमार ने बताया कि वह चारपाई पर बैठे थे। उन्हें चारपाई हिलती महसूस हुई।
रामनाथ कालोनी की शिक्षिका शिखा जोशी पंत ने बताया कि वह अपनी बेटी नव्या के साथ बेड पर लेटी थीं। उन्हें बेड हिलता हुआ महसूस हुआ। उन्होंने पास में ही रहने वाले अपने भाई शोभित जोशी काे फोन करके पूछा।
हालांकि भाई ने बताया कि उन्हें अहसास नहीं हो सका। इसके अलावा बिलासपुर, स्वार, मसवासी आदि में कई लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। इसके अलावा अमरोहा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप आए तो ये पांच सावधानियां बरतें
- झटके महसूस होते ही भागकर सीढ़ियों या लिफ्ट का इस्तेमाल न करें। मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे बैठकर सिर और गर्दन को ढकें।
- खिड़की, शीशे, अलमारी और भारी सामान से दूर रहें। इनके गिरने से चोट लगने का खतरा रहता है।
- खुले स्थान पर हैं तो वहीं रहें। भवन, बिजली के खंभे और पेड़ों से सुरक्षित दूरी बनाएं।
- लिफ्ट में फंसने की स्थिति में घबराएं नहीं। झटकों के दौरान लिफ्ट का प्रयोग करने से बचें।
- झटके रुकने के बाद गैस और बिजली के कनेक्शन जांचें। क्षति दिखने पर मुख्य आपूर्ति बंद कर दें और अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन की सूचना पर भरोसा करें।
यह भी पढ़ें- रामपुर की मेहताब बनीं ममता: मुरादाबाद के प्रेमी जागेशपुरी संग रचाई शादी, बोलीं- सनातन धर्म में है आस्था
