फाइलों में दबा 80 घरों का खतरा: 3 मौतों के बाद भी नहीं हटी 33KV लाइन, गुस्से में ग्रामीणों ने घेरा SDO दफ्तर
मुरादाबाद के कुंदरकी में 80 घरों के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन हटाने का एस्टीमेट फाइलों में अटका है, जिससे बड़ा खतरा बना हुआ है।

एआई इमेज
HighLights
आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीओ कार्यालय के बाहर दो घंटे किया प्रदर्शन, आश्वासन पर माने लोग
संवाद सूत्र, कुंदरकी (मुरादाबाद)। घरों के ऊपर से गुजरती 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के हटने का इंतजार कर रहे करीब 80 परिवारों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। बिलारी में दो दिन पहले हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक युवक की मौत होने से आक्रोशित लोगों ने एसडीओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि हाईटेशन लाइनों के हटाने का एस्टीमेट फाइलों में उलझा हैं। जिसके बाद से वह लाइन के हटने का इंतजार कर रहे हैं।
एसडीओ कार्यालय के बाहर बैठकर नारेबाजी कर रहे वार्ड नंबर चार के क्षेत्रवासियों के अनुसार वर्ष 2023 में लाइन हटाने का प्रस्ताव पास हुआ था। एस्टीमेट तैयार होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो सका।
सभासद के पति मोहम्मद राशिद का कहना है कि, घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से हर समय बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। इस लाइन की चपेट में आने से अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है।
मुहल्लेवासियों के मुताबिक, सांसद निधि से संबंधित प्रस्ताव दो बार निरस्त होने के बाद दोबारा अनुमति मिलने की बात भी कही गई, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ।
लोगों ने कुंदरकी, मुरादाबाद और मेरठ के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को भी लिखित शिकायत देने की बात कही। करीब दो घंटे बाद एसडीओ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
इस मौके पर सभासद निशा परवीन, डाॅ. नईम, मुख्तियार अहमद, फहीम, मुसद्द अली, वसीम, मोहम्मद अयूब, नईम अहमद, सफीक अहमद, बिलाल, मुनाजिर और मुराद अली आदि मौजूद रहे।
भैसोड़ और ग्वारऊ बिजलीघरों के निरीक्षण पर गए थे। लाइन हटाने में कोई बड़ी समस्या नहीं है। एस्टीमेट तैयार हो चुका है, और संबंधित सामान उपलब्ध होने वाला है। ठेकेदार से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- सतीश कुमार सिंह, विद्युत उपखंड अधिकारी कुंदरकी
यह भी पढ़ें- धान छोड़ा, खेत में खिलाया कमल: मुरादाबाद के किसानों का कमाल, 25 हजार लगाकर 3 लाख का मुनाफा
