जानिए कैसे नौ माह में छह बार प्रदेश में अव्वल रही अमरोहा पुलिस Amroha news
जनशिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण करने में अमरोहा पुलिस बीते आठ महीने में छह बार प्रदेश में अव्वल रही है।
अमरोहा: जनशिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण करने में अमरोहा पुलिस बीते आठ महीने में छह बार प्रदेश में अव्वल रही है। जबकि दो बार दूसरे स्थान पर रही है। इस दौरान अमरोहा पुलिस ने पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया है। इस उपलब्धि पर सोमवार को आइजी रमित शर्मा ने जिले के पोर्टल का संचालन करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया है।
जून व जुलाई में दूसरे स्थान पर रही अमरोहा पुलिस
मालूम हो कि सूचना तकनीक का प्रयोग कर सुशासन के उद्देश्यों की प्राप्ति तथा प्रभावी शिकायत प्रबंधन, निवारण और निगरानी के लिए शासन द्वारा समंवित शिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) जन-सुनवाई का संचालन किया जा रहा है। इसमें शिकायतकर्ता आनलाइन शिकायत कर अपनी समस्या का निस्तारण करा सकते हैं। इस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में अमरोहा पुलिस प्रदेश में अव्वल चल रही है। जनवरी से माह अगस्त तक आठ महीने में अमरोहा को छह बार प्रदेश में पहला स्थान मिल चुका है। केवल जून व जुलाई माह में ही अमरोहा पुलिस प्रदेश में दूसरे स्थान पर रही है। इस उपलब्धि पर सोमवार को आइजी रमित शर्मा ने जिले में पोर्टल का संचालन करने वाले एसआइ अनिल पंवार, सिपाही अमित कुमार, सारूल व विकास कुमार को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इस बारे में एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बीते आठ माह में अमरोहा पुलिस आइजीआरएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण करने में सफल रही है। भविष्य में भी इसे जारी रखा जाएगा।