दुल्हन जैसा निखार पाने के लिए महिलाओं में बढ़ी होड़, पार्लरों ने उतारे 999 रुपये से खास पैकेज
Karwa Chauth 2026: मुरादाबाद में करवाचौथ को लेकर महिलाओं में सजने-संवरने का उत्साह बढ़ गया है, जिससे ब्यूटी पार्लरों में ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और त्वचा को निखारने के लिए पहले से करा रहीं बुकिंग
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। करवाचौथ का त्योहार नजदीक आते ही महिलाओं में सजने-संवरने को लेकर उत्साह बढ़ने लगा है। पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखने के साथ ही इस खास दिन को यादगार बनाने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। बाजारों में खरीदारी के साथ ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की चहल-पहल बढ़ गई।
कोई चेहरे पर ग्लो लाने के लिए फेशियल करा रही है तो कोई अपने लुक को खास बनाने के लिए मेकअप और हेयर स्टाइलिंग की बुकिंग करा रही है।
महिलाओं की पसंद और बजट को देखते हुए शहर के मेकअप स्टूडियो में अलग-अलग श्रेणी के विशेष पैकेज तैयार किए गए हैं। इनमें 999 रुपये से लेकर 3499 रुपये तक के पैकेज उपलब्ध हैं।

सिल्वर श्रेणी में 999, 1299 और 1499 रुपये के विकल्प हैं, जबकि गोल्ड पैकेज 1899 रुपये में उपलब्ध है। त्वचा की चमक बढ़ाने के लिए विटामिन सी पैकेज 2299 और प्रीमियम ग्लो पैकेज 2499 रुपये में रखा गया है।
वहीं, विशेष देखभाल चाहने वाली महिलाओं के लिए डायमंड पैकेज 2899 और 3499 रुपये तक के हैं। करवाचौथ पर केवल चेहरे की देखभाल ही नहीं, बल्कि पूरे लुक को आकर्षक बनाने पर भी महिलाओं का जोर है।
मेकअप स्टूडियो में फेशियल के लिए 1200 रुपये और पार्टी मेकअप के लिए 3500 रुपये निर्धारित हैं। वहीं, खास अवसरों के लिए एचडी ब्राइडल मेकअप 13600 और एयरब्रश मेकअप 15000 रुपये में उपलब्ध है। हेयर स्टाइलिंग के लिए 1500 और ब्राइडल हेयर स्टाइलिंग के लिए 2500 रुपये खर्च करने होंगे।
पारंपरिक परिधान के साथ नए अंदाज की तैयारी
इस बार महिलाएं पारंपरिक साड़ी और लहंगे के साथ अपने मेकअप और हेयर स्टाइल को भी अलग अंदाज देना चाहती हैं। हल्का मेकअप, चेहरे पर चमक और आकर्षक हेयर स्टाइल उनकी पसंद में शामिल हैं।
कई महिलाएं करवाचौथ से एक-दो दिन पहले ही अपनी बुकिंग करा रही हैं, जिससे त्योहार के दिन उन्हें इंतजार न करना पड़े। संचालिका एवं मेकअप आर्टिस्ट नीतू गुप्ता के अनुसार, करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खास उत्साह है।
वे अपनी पसंद और बजट के अनुसार पैकेज चुन रही हैं। इस बार त्वचा को प्राकृतिक चमक देने वाले पैकेज के साथ पार्टी मेकअप और हेयर स्टाइलिंग की मांग भी बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- करवाचौथ पर निखरेगा रूप: कास्मेटिक बाजार में नए शेड्स की धूम, महिलाओं की पसंद बने ये मेकअप प्रोडक्ट्स
