Karwa Chauth 2026: करवाचौथ पर रोहिणी नक्षत्र और वृषभ राशि में रहेगा चंद्रमा, जानें व्रत खोलने का सही समय
सुहागिनें पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन के लिए करवाचौथ का निर्जला व्रत रखेंगी।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
करवा चौथ का निर्जला व्रत पति की लंबी आयु के लिए।
मुरादाबाद में चंद्रोदय रात 8:04 बजे, पूजा मुहूर्त 5:32 से।
शिव, पार्वती, गणेश और करवा माता का पूजन होगा।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ सुहागिन महिलाएं गुरुवार को करवाचौथ का व्रत रखेंगी। 29 अक्टूबर को महिलाएं सुबह सरगी ग्रहण कर निर्जला व्रत शुरू करेंगी। शाम को पूजा और कथा के बाद चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देंगी।
इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोलेंगी। पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 से 6:56 बजे तक बताया गया है। हालांकि, मुरादाबाद के पंचांग में पूजा का समय शाम 5:32 से 6:49 बजे तक दिया गया है। यहां चंद्रोदय रात लगभग 8:04 बजे होने का अनुमान है।
रोहिणी नक्षत्र सुबह लगभग 11:11 बजे तक रहेगा। इसके बाद मृगशिरा नक्षत्र शुरू होगा। चंद्रोदय के समय चंद्रमा वृषभ राशि में रहेगा, जिसे उसकी उच्च राशि माना जाता है। गुरुवार, चतुर्थी तिथि और चंद्रमा की स्थिति को ज्योतिषीय मान्यताओं में शुभ माना जाता है।
पूजा में महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और करवा माता का पूजन करेंगी। करवा, दीपक, रोली, अक्षत, पुष्प और जल अर्पित कर व्रत कथा सुनेंगी।
रात में छलनी से चंद्रमा और पति के दर्शन कर अर्घ्य देंगी। पंडित केदारनाथ मिश्र ने बताया कि करवाचौथ पर विधि-विधान से पूजा, व्रत कथा श्रवण और चंद्रमा को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। महिलाएं दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना करती हैं।
