'क्वीन ऑफ टियर्स' से लेकर 'माय डेमन' तक; मुरादाबाद के जेन-जी पर चला के-ड्रामा का जादू
मुरादाबाद मंडल के जेन-जी और अल्फा युवाओं में कोरियन ड्रामा (के-ड्रामा) का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। यह प्रभाव ...और पढ़ें

कोरियन ड्रामा
HighLights
मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा के युवाओं में कोरियन शोज का बढ़ा क्रेज, स्क्रीन से लाइफस्टाइल तक दिख रहा अस
दीपेंद्र प्रताप सिंह, मुरादाबाद। डिजिटल क्रांति और ओटीटी के विस्तार ने मनोरंजन की पसंद बदल दी है। मुरादाबाद मंडल के शहरी और पाश इलाकों में जेन-जी और जेन-अल्फा के बीच दक्षिण कोरियाई शोज यानी ‘के-ड्रामा’ का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। कभी के-पॉप तक सीमित दिखने वाली कोरियन संस्कृति अब शोज, खानपान, फैशन और भाषा के जरिये युवाओं की दिनचर्या का हिस्सा बन रही है।
मुरादाबाद के सिविल लाइंस निवासी ‘अनन्या’ को क्वीन आफ टियर्स की कहानी में रिश्तों की जटिलता और भावनात्मक उतार-चढ़ाव पसंद आए। वहीं रामपुर के शौकत अली रोड निवासी ‘रिद्धि’ लवली रनर की टाइम-ट्रैवल और प्रेम कहानी को पसंद करती हैं।
उनका कहना है कि इसकी कहानी केवल रोमांस तक सीमित नहीं रहती। अमरोहा के जोया रोड निवासी ‘अर्णव’ को इतेवोन क्लास में संघर्ष और अपने दम पर आगे बढ़ने की कहानी पसंद आई।
मुरादाबाद के आशियाना निवासी ‘काव्या’ बिजनेस प्रपोजल की हल्की-फुल्की रोमांटिक कहानी और हास्य को पसंद करती हैं। रामपुर के सिविल लाइंस निवासी ‘विवान’ के मुताबिक माय डेमन में फैंटेसी, रोमांस और रहस्य का मेल युवाओं को बांधे रखता है।
पारंपरिक धारावाहिकों की तुलना में 12 से 16 एपिसोड की कसी हुई पटकथा, मानसिक स्वास्थ्य, करियर संघर्ष, आधुनिक रिश्ते और टाइम ट्रैवल जैसे विषय युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं।
क्रैश लैंडिंग आन यू और गोबलिन जैसे लोकप्रिय शोज के बाद क्वीन आफ टियर्स, लवली रनर, माय डेमन और सक्सेसर जैसे शोज ने इस रुचि को और बढ़ाया है।
हाल में चर्चा में रहा कोरियन लव साइन
के-ड्रामा देखने वाले युवा अब कोरियन भाषा के सामान्य शब्दों और इनके स्टाइल भी कापी कर रहे हैं। ‘अन्न्योंघासेयो’ (नमस्ते), ‘सरांघे’ (आई लव यू) और ‘कंसाहाम्निदा’ (धन्यवाद) जैसे शब्द सोशल मीडिया और दोस्तों की बातचीत में सुनाई देने लगे हैं। हाल में जंतर-मंतर पर धरने के दौरान कोरियन लव लाइन देश भर में चर्चा में रहा।
स्क्रीन से लाइफस्टाइल तक असर
के-ड्रामा का असर युवाओं की पसंद पर ही नहीं, बल्कि उनकी जीवनशैली पर भी दिख रहा है। राम्योन, किम्ची, टोपोकी और कोरियन फ्राइड चिकन जैसे के-फूड को लेकर दिलचस्पी बढ़ी है।
‘ग्लास स्किन’ रूटीन, कोरियन स्किनकेयर और पेस्टल शेड्स वाले ओवरसाइज्ड कपड़ों का ट्रेंड भी युवाओं में लोकप्रिय हो रहा है। इंटरनेट मीडिया पर कोरियन कलाकारों के लुक, डायलाग और शोज के सीन रील्स का हिस्सा बन रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बुजुर्गों की मुखबिरी कर रहे लोकल गुर्गे! 15 दिनों में 11 पर अटैक, 41 लाख उड़े
