जश्ने ईद मिलादुन्नबी की तैयारी, बच्चों ने की खरीदारी
हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई।
जेएनएन, मुरादाबाद : हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन को लेकर शहर में तैयारियां पूरे जोर-शोर से जारी हैं। गली-मुहल्लों में दावते इस्लामी से जुड़े बच्चों के काफिले निकल रहे हैं तो मस्जिदों में फजर की नमाज के बाद सलातो सलाम का नजराना पेश किया जा रहा है। लोगों ने घरों की भी सजावट शुरू कर दी है। दरूद शरीफ का नजराना भी पेश किया जा रहा है।
जुलूसे मुहम्मदी को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। उलमा और जुलूस कमेटी के सदस्य इजाजत के इंतजार में हैं। वहीं बच्चों में जुलूसे मुहम्मदी को लेकर उल्लास नजर आ रहा है। घरों की सजावट के लिए झंडे, पगड़ी और हजरत मुहम्मद साहब की याद से जुड़े प्रतीकात्मक सामान की खरीदारी कर रहे हैं। घरों पर रोशनी की जा रही है। मोमबत्तियां और दीये भी खरीदे जा रहे हैं। वहीं उलमा का कहना है कि हजरत मुहम्मद साहब की शान में साल में एक ही कार्यक्रम होता है। चांद की एक तारीख से ही सलातो सलाम और दरूद शरीफ का विर्द शुरू कर दिया जाता है। मुफ्ती मुस्तेजाब हुसैन कदीरी ने बताया कि अपने घरों में चरागां करें। नज्रों नियाज पेश करें। मुल्क से कोरोना वायरस के खात्में के लिए अल्लाह से दुआ करें। अल्लाह सबके दिलों के हाल जानता है।