जननायक एक्सप्रेस में महिला और GRP सिपाही में मारपीट, यात्री के सिर में लगी चोट; दो युवक गिरफ्तार
जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद में जीआरपी के दो सिपाहियों के साथ मारपीट की गई, जिसमें उनकी वर्दी फट गई।
HighLights
जननायक एक्सप्रेस में सीट विवाद पर जीआरपी सिपाहियों से मारपीट हुई।
मारपीट में सिपाहियों की वर्दी फटी, एक महिला भी घायल हुई।
घटना के बाद दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद जीआरपी के दो सिपाहियों के साथ मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि बच्चे को गोद में लिए महिला को सीट देने के लिए कहने पर दूसरी महिला ने सिपाही को थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद महिला की तीन बेटियों और उनके साथ दो युवकों ने सिपाहियों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में सिपाहियों की वर्दी फट गई। घटना 18 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे कांठ स्टेशन के आसपास की है। दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सीट को लेकर शुरू हुई कहासुनी
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मुरादाबाद थाने में तैनात कांस्टेबल अजय कुमार और ललित सागर की ड्यूटी मुरादाबाद से सहारनपुर तक जननायक एक्सप्रेस (15211) में थी। अनारक्षित कोच में सीट को लेकर दो महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई। इनमें एक का नाम रूबी था।
मूलरूप से बिहार के बेतिया की रहने वाली रूबी अपनी तीन बेटियों के साथ ट्रेन से लुधियाना जा रही थी। इसी कोच में एक महिला छोटे बच्चे को गोद में लेकर खड़ी थी। उसने सीट पर लेटी रूबी से बैठने के लिए जगह मांगी, इस पर दोनों में गाली-गलौज हो गई।
मारपीट में महिला घायल
सिपाही अजय कुमार और ललित सागर ने सीट पर लेटी महिला से जगह देने के लिए कहा। इसके बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मारपीट में महिला घायल हो गई। उसके माथे पर खून बहने लगा।
ट्रेन के नजीबाबाद पहुंचने पर पुलिस ने दोनों युवकों को उतार लिया। उनकी पहचान बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के साहू गांव निवासी चंदन ठाकुर और समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के पिक्कू कुमार के रूप में हुई। दोनों अमृतसर की ओर जा रहे थे। ललित सागर की तहरीर पर नजीबाबाद जीआरपी थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बच्चे को गोद में लेकर खड़ी महिला को सीट पर लेटी दूसरी महिला बैठने नहीं दे रही थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। ट्रेन में एस्कार्ट कर रहे सिपाहियों ने सीट देने के लिए कहा तो महिला ने एक सिपाही को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मारपीट हुई। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। घटना की सभी पहलुओं से विवेचना कराई जा रही है। -आशुतोष शुक्ल, एसपी रेल।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।