सोशल मीडिया पर वीडियो डाल कहती रही इरम, मार डालेंगे ससुराली, हत्या के बाद जागी पुलिस
इरम ने मुख्यमंत्री के नाम भी सोशल मीडिया पर वायरल की थीं कई वीडियो। पुलिस ने कभी भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस ने सक्रियता दिखाई होती तो उसकी जान बच सकती थी।
अमरोहा, जेएनएन। बुधवार को हसनपुर में इरम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। बीते एक साल से वह सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल कर चुकी थी। ससुरालियों से विवाद के चलते वह उनसे ही जान का खतरा बताती थी। एक बार उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अपनी वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न स्रोतों के माध्यम से भेज कर इंसाफ की गुहार लगाई थी।
नगर के मुहल्ला दानिशमंदान निवासी इरम की शादी हसनपुर में हुई थी। परंतु पति व ससुरालियों से विवाद के चलते उसे घर से निकाल दिया गया था। वह मायके में रह रही थी। इरम को तलाक भी दे दिया गया था। लिहाजा उसने ससुरालियों पर मुकदमा करा दिया था। अक्सर वह मुकदमे की तारीख पर हसनपुर जाती थी। इरम का आरोप था कि उसे ससुराली लगातार परेशान कर रहे हैं। उसके साथ मारपीट की जाती है। अमरोहा के रहने वाले कई लोगों पर इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया था। इस दौरान इरम ने कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। दिसंबर माह में भी इरम ने खून से लथपथ एक वीडियो वायरल करते हुए ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि पुलिस भी उसकी सुनवाई नहीं कर रही है। उसके बाद इरम ने एक वीडियो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम भी बनाया था। जिसमें उसने साफ तौर ससुरालियों से जान को खतरा बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की थी। साथ ही पुलिस पर भी आरोपितों से हमसाज होने का आरोप लगाया था। अब इरम की हत्या हो चुकी है तथा पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। परंतु अब यह दोनों वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।