बसपा सुप्रीमो मायावती पर अशोभनीय टिप्पणी, मुरादाबाद में युवक पर मुकदमा दर्ज
जिलाध्यक्ष की तहरीर पर मझोला पुलिस ने की कानूनी कार्रवाई। फेसबुक वाल पर अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप। सोशल मीडिया सेल की मदद से आरोपित तक पहुंचने का प्रयास पुलिस कर रही है। दावा है कि जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।
मुरादाबाद, जेएनएन। बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ फेसबुक वाल पर अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में मझोला पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बसपा जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमे की कार्रवाई की है। पुलिस फिलहाल आरोपित युवक की तलाश में जुटी है। मझोला थाना क्षेत्र में सिद्धार्थ नगर खुशहालपुर शाहपुर तिगरी रोड के रहने वाले गुलाब सिंह के मुताबिक सोमवार को कार्यकर्ताओं से पता चला कि राज तोमर नाम के एक युवक ने अपने फेसबुक वाल पर बसपा अध्यक्ष मायावती के खिलाफ अशोभनीय व अभद्र टिप्पणी की है। इससे कार्यकर्ता आहत हैं। उन्होंने आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस पर वह मझोला थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह से मिले। घटना से अवगत कराते हुए उन्होंने फेसबुक वाल का स्क्रीन शाॅॅट भी पुलिस को उपलब्ध कराया। तहरीर व आरोपों के आधार पर पुलिस ने राज तोमर के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। थाना प्रभारी ने बताया कि सोशल मीडिया सेल की मदद से आरोपित तक पहुंचने का प्रयास पुलिस कर रही है। जल्द ही आरोपित को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।