Moradabad News: शादी में डीजे पर डांस के विवाद में महिलाओं के साथ मारपीट, 15 आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी रीना सिंधू ने बताया कि सोमवार रात उसके मौसेरे भाई मनप्रीत की शादी थी। रामगंगा विहार के मिड टाउन क्लब में शादी समारोह चल रहा था। समारोह के दौरान महिलाएं और बच्चे डीजे पर डांस कर रहे थे।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर रिश्तेदारों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने अचानक सभी पर लाठी-डंडे और बेल्ट से हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। दूल्हे की मौसेरी बहन की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने दो नामजद समेत 13 अज्ञात सहित 15 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की।
दूल्हे के ममेरे भाई ने ही मचाया उत्पात
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी रीना सिंधू ने बताया कि सोमवार रात उसके मौसेरे भाई मनप्रीत की शादी थी। रामगंगा विहार के मिड टाउन क्लब में शादी समारोह चल रहा था। समारोह के दौरान महिलाएं और बच्चे डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान दूल्हे का ममेरा भाई बिजनौर के धामपुर बाड़वान निवासी सिट्टू और राहुल डीजे पर आ गए। इस दौरान दोनों नाचते हुए महिलाओं को गाली देने लगे। जब दोनों को महिलाओं ने गाली देने से मना किया तो विवाद करने लगे। यह देखकर अन्य रिश्तेदारों ने दोनों को समारोह स्थल से बाहर कर दिया।
पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
कुछ देर बाद आरोपित सिट्टू और राहुल 10-12 अज्ञात लोगों को साथ लाठी-डंडा लेकर आ गए। आरोपितों ने आते ही हमला कर दिया। इस दौरान बेल्ट और लाठी-डंडे से सभी को पीटा। मारपीट में रीना की मौसेरी बहन टिप्ली, रिश्तेदार नितिन समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि आरोपित युवक रीना नाम की महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र भी लूट ले गए। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित सिट्टू, राहुल और 13 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।