यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पति ने बनाए अप्राकृतिक संबंध, हलाला के नाम पर देवर ने किया दुष्कर्म, सात के खिलाफ रिपोर्ट
Misdeed in the name of Halala दहेज की मांग पूरी न करने पर पति ने विवाहिता से अप्राकृतिक संबंध बनाए। ...और पढ़ें

मुरादाबाद, संवाद सहयोगी। दहेज की मांग पूरी न करने पर पति ने विवाहिता से अप्राकृतिक संबंध बनाए। इसका विरोध करने पर पति ने पत्नी को तीन तलाक भी दे दिया। इसके बाद हलाला के नाम पर देवर ने दुष्कर्म किया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पति व देवर समेत सात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मामला रामपुर कोतवाली के एक गांव का है। यहां के रहने वाले किसान ने अपनी बेटी की शादी एक वर्ष पूर्व रामपुर के थाना गंज क्षेत्र निवासी युवक से की थी। लगभग 10 लाख रुपये का दान दहेज भी दिया था। आरोप है कि शादी में मिले दहेज से पति फरीद, देवर फईम व परवेज, ससुर खुर्शीद, ननद हुसन बानो, नंदोई खुर्शीद, रेहान, अमीर हसन खुश नही थे। दहेज में 10 लाख रुपये व कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने के साथ ही मारपीट करने लगे। पति अप्राकृतिक संबंध बनाने लगा। विरोध करने पर मारपीट करता था। मांग पूरी न करने पर 16 जुलाई को पत्नी को तीन तलाक दे दिया। दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों ने समझौता करा दिया। इद्दत के नाम पर ससुरालियों ने कमरे में बंद कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। ससुरालियों ने तय किया कि इद्दत पूरी होने के बाद देवर परवेज के साथ हलाला कराया जाएगा। विवाहिता ने देवर से हलाला से साफ इन्कार कर दिया। हलाला के नाम पर स्वजन की सहमति से देवर परवेज ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विवाहिता किसी तरह अपने मायके चली गई और स्वजनों को सारी बात बताई। बात सुनकर स्वजन दंग रह गए। पिता, बेटी को लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने विवाहिता को टरका दिया। थक हारकर पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल रूम सिंह बघेल ने बताया कि विवाहिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। शीघ्र आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।