हेलो! मैं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोल रहा हूं... एसएसपी को किया फोन और हो गया गिरफ्तार, जानिए पूरी कहानी Moradabad news
प्रभारी निरीक्षक मैनाठेर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पीआरओ की तहरीर पर आवाज का प्रतिरूपण कर छल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुरादाबाद, जेएनएन। धोखाधड़ी की खबरें तो रोज ही अखबारों की सुर्खियां बनती हैं लेकिन, कोई जिले के कप्तान को ही ठगने का प्रयास करे तो यह उसके दुस्साहस को दिखता है। ऐसा ही हुआ जनपद मुरादाबाद में। यहां एक व्यक्ति ने पुलिस कप्तान को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बनकर फोन किया। हालांकि, एसएसपी को आवाज के आधार पर संदेह हुआ तो जांच के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक व्यक्ति की मदद के लिए किया था फोन
मंगलवार की दोपहर 12.21 बजे एसएसपी अमित पाठक पुलिस लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान उनके सीयूजी नंबर पर कॉल आई। मोबाइल फोन पीआरओ उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह के पास था, उन्हीं ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने कहा केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का पीआरओ बोल रहा हूं। मंत्री जी एसएसपी से बात करेंगे। पीआरओ ने फौरन एसएसपी को बताकर फोन उन्हें दे दिया। फोन करने वाले ने खुद केंद्रीय मंत्री बताकर बात की। कहने लगा एक व्यक्ति आपसे मिलेगा। उसकी बात सुनकर समस्या का समाधान करा देना। आप बहुत अच्छा काम कर रहे हैैं। आएंगे तो मिलेंगे।
बातचीत के लहजे से हुआ शक
एसएसपी को बातचीत के लहजे से लगा कि इसे चेक करना चाहिए। दूसरा यह कॉल प्राइवेट नंबर से आई थी। अमूमन मंत्री आदि की प्राइवेट नंबर से कॉल कम आती हैं। बेसिक फोन या सीयूजी नंबर से ही कॉल आती हैैं। आवाज में भी उन्हें भिन्नता लगी। इसलिए शक होने पर यू-ट्यब पर मुख्तार अब्बास नकवी की वीडियो चलाकर देखी गई। दोनों आवाजों में भिन्नता मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई।
मैनाठेर का निकला नंबर
जांच में पता चला कि कॉल दिल्ली से नहीं आई थी बल्कि कॉल करने वाला मैनाठेर का है। मोबाइल नंबर की डिटेल के आधार पर एसएसपी को फर्जी कॉल करने वाले अब्बास उर्फ बबलू पुत्र मुहम्मद शफी निवासी बहमन कालोनी, ग्राम महमूदपुर माफी, थाना मैनाठेर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसको जेल भिजवा दिया गया। अब्बास खुद को नकवी का रिश्तेदार बता रहा है।
बातचीत के लहजे से ही लगा था कि केंद्रीय मंत्री के नाम से फोन करने वाला फर्जी कॉलर है। इसकी जांच कराई तो बात सही निकली। इंटरनेट के जरिये इस तरह की कॉल हो रही हैैं। कभी-कभार तो ऐसा होता है जिसके नाम से फर्जी कॉल आई है, फोन नंबर भी उसी का शो करता है। इसलिए ऐसी कॉलों से सावधान रहें।
- अमित पाठक, एसएसपी।
-हमारी अब्बास से कोई रिश्तेदारी नहीं है। वह झूठ बोल रहा है। एक-दो बार मेरे पास तलाक पीडि़त महिला को लेकर आया था।
फरहत नकवी, अध्यक्ष, मेरा हक फाउंडेशन और केंद्रीय मंत्री नकवी की बहन।