मुरादाबाद में कांग्रेस नेता के जन्मदिन पार्टी में हर्ष फायरिंग, तीन पर मुकदमा दर्ज
Harsh firing at Birthday Party in Moradabad सिविल लाइंस पुलिस के पैंतरे से चित हो गए नेताजी। अपनों के ही खिलाफ देनी पड़ी हर्ष फायरिंग की तहरीर। । जन्मदिन का जश्न काफूर होते ही नेताजी के सिपहसालार अब गला बचाने में जुटे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। जन्मदिन का जश्न कांग्रेस के युवा प्रकोष्ठ के एक नेता पर भारी पड़ा। अमूमन अपनों की पैरोकारी में जान छिड़कने के दावे करने वाले नेताजी की कलम ने अपने ही शुभचिंतकों के खिलाफ तहरीर लिखी। उन लोगों को ही बलि का बकरा बना दिया गया, जो नेताजी के जन्मदिन के जश्न में डूबे थे। सिविल लाइंस पुलिस के पैंतरे से नेताजी के करीबियों में भगदड़ मची है। जन्मदिन का जश्न काफूर होते ही नेताजी के सिपहसालार अब गला बचाने में जुटे हैं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अगवानपुर बाइपास रोड निवासी दानिश सैफी ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि वह कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। 16 जनवरी को घर के समीप अगवानपुर बाइपास पर मुस्लिम बैंक्वेट हाल में वह अपने जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। इसमें सलाभ गुर्जर निवासी ग्राम लदावली थाना छजलैट भी शामिल हो गया। माहौल खराब करने की नीयत से सलाभ ने फायर झोंक दिया। उसके दो से तीन अन्य साथी भी फायरिंग में शामिल रहे। अंधाधुंध फायरिंग से जन्मदिन के जश्न में खलल पड़ गया। इससे अफरातफरी मच गई। तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने सलाभ गुर्जर समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, बर्थडे ब्वाय की तहरीर पर हर्ष फायरिंंग के मामले में मुकदमा दर्ज होने की खबर अगवानपुर में जंगल में आग की तरह फैल गई। नेताजी के करीबियो में ही कानाफूसी का दौर शुरू हो गया। दबी जुबान तो चर्चाओं का बाजार पूरे दिन गरम रहा। लेकिन, नेताजी के करीबी भी खुल कर कुछ भी कहने से कतराते रहे।