क्लास में सन्नाटा, प्रचार में तेजी! बिना छुट्टी लिए चुनाव में कूदे प्रोफेसर, परीक्षा से पहले पढ़ाई ठप
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव प्रचार में प्रोफेसर बिना अवकाश लिए जुटे हैं, जिससे मुरादाबाद के हिंदू और केजीके ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
शुक्रवार को हिंदू कालेज और केजीके में खाली मिलीं कई कक्षाएं
20 सितंबर को होना है गुरु जंभेश्वर विवि शिक्षक संघ का चुनाव
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के चुनाव को लेकर प्रत्याशी और समर्थक प्रोफेसर प्रचार में जुटे हैं। चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशियों ने अवकाश लिया है, लेकिन कई प्रोफेसर के बिना अवकाश लिए प्रचार में ताकत झोंके हुए हैं। इस कारण हिंदू कालेज और केजीके कालेज में कई कक्षाओं में शिक्षक नहीं पहुंचे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 15 दिन पहले ही 75 प्रतिशत कक्षा संचालन को मंडल भर के कालेजों को पत्र लिखा था, जिस हिंदू कालेज व केजीके कालेज अन्य कालेजों ने भी छात्रों व शिक्षकों को उपस्थिति बढ़ाने और पढ़ाने को मैसेज भेजे और कालेज में नोटिस चस्पा किए।
हिंदू कालेज में हिंदी विभाग की दो कक्षाएं चलती मिलीं। इसके अलावा कामर्स, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र समेत कई विभागों की कक्षाएं खाली नजर आईं।
जानकारी करने पर बताया गया कि संबंधित शिक्षक चुनाव प्रचार में गए हैं। कालेज प्रशासन के अनुसार प्रत्याशी शिक्षक अवकाश लेकर प्रचार में गए हैं।
केजीके कालेज में भी कई शिक्षक कक्षाओं में नहीं मिले। प्राचार्य ने बताया कि शिक्षकों का उपस्थिति रजिस्टर चेक किया जाएगा। यहां भी शिक्षक अपने पसंदीदा पैनल के प्रत्याशियों के साथ प्रचार में जुटे हैं।
चुनाव प्रचार के लिए अवकाश अनिवार्य होने के बावजूद बिना अवकाश लिए शिक्षकों के प्रचार में शामिल होने की जानकारी से शिक्षण कार्य प्रभावित होने के सवाल उठ रहे हैं।
शनिवार से ही शिक्षक बिजनौर पहुंचने लगेंगे। मतदान के लिए समय से पहुंचने और मतदान के बाद वापसी की सुविधा को देखते हुए अध्यक्ष पद के पैनलों की ओर से शिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
हिंदू कालेज के प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत ने कहा कि प्रत्याशी छुट्टी लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। किस-किस ने अवकाश नहीं लिया है, चेक किया जाएगा। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वह समय से अपना पाठयक्रम पूरा कराएं।
केजीके कालेज के प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि दो दिन की बात है। चुनावी माहौल है। मतदान के बाद कक्षा संचालन पर पूरा जोर दिया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों ने पूरी की तैयारी, मतदान की होगी वीडियोग्राफी
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के चुनाव में रविवार को वर्धमान कालेज, बिजनौर में मतदान होगा। इसमें 16 कालेजों के 468 शिक्षक मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. पीके सिंह की ओर से मतदान को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मतदान केंद्र पर बैनर, पोस्टर और मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यह गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ का पहला चुनाव है। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। इसके बाद करीब पांच बजे से मतगणना शुरू होने की संभावना है।
परिणाम रात करीब आठ से नौ बजे के बीच आने की उम्मीद है। बैलेट पेपर तैयार हो चुके हैं और प्रत्याशियों ने अपने-अपने पोलिंग एजेंट भी घोषित कर दिए हैं। पूरे मतदान और मतगणना की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ. पीके सिंह ने बताया कि मतदान की पूरी तैयारी कर ली गई है। शनिवार को मतदान केंद्र का निरीक्षण किया जाएगा। शाम छह बजे मतदान ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों की बैठक होगी और उन्हें मतदान प्रक्रिया की ब्रीफिंग दी जाएगी।
