15 हजार छात्रों की छात्रवृत्ति पर खतरा: 5 महीने बाद भी रिजल्ट अटका, समर्थ पोर्टल और विवि के चक्कर काटने को मजबूर
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के 11 पाठ्यक्रमों के 15 हजार छात्रों के परिणाम पांच महीने से अटके हैं, जिससे 31 अक्टूबर ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
समर्थ पोर्टल और गुरु जंभेश्वर विवि के बीच मामला उलझा, विद्यार्थी लगा रहे चक्कर
कॉलेजों में छात्रवृत्ति फार्म भरने के लिए कतारें, परिणाम अटकने से पढ़ाई भी प्रभावित
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पांच महीने पहले परीक्षाएं दीं, तीन महीने पहले तक परिणाम आने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक इंतजार खत्म नहीं हुआ। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के 11 पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए यह देरी अब छात्रवृत्ति छिनने का खतरा बन गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर है और परिणाम जारी होने का कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं है।
विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल, दिल्ली को जिम्मेदार बता रहा है, जबकि विद्यार्थी अपनी समस्या लेकर विश्वविद्यालय पहुंच रहे हैं। आरोप है कि विश्वविद्यालय गंभीरता से लेकर समर्थ पोर्टल दिल्ली को परिणाम में देरी के लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है।
बीकाम आनर्स प्रथम सेमेस्टर और एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर समेत 11 पाठ्यक्रमों के परिणाम अटके हैं। पूर्व में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, इनमें बीएड, एमएड और बीएससी आनर्स जैसे पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।
सभी 11 पाठ्यक्रमों के नामों की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं हो सकी है। विश्वविद्यालय से जुड़े करीब 15 हजार विद्यार्थियों के प्रभावित होने की आशंका है।
छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि पहले 15 अक्टूबर थी। वेबसाइट की समस्या के चलते इसे बढ़ाकर 31 अक्टूबर किया गया था। अब विद्यार्थियों के पास आठ दिन से भी कम समय बचा है।
कॉलेजों में आवेदन भरवाने के लिए कतारें लग रही हैं, लेकिन परिणाम के अभाव में विद्यार्थियों की चिंता कम नहीं हो रही। परिणाम के बिना आगे की पढ़ाई की योजना बनाना भी मुश्किल है।
विवि समर्थ पोर्टल का ठहरा रहा जिम्मेदार
विश्वविद्यालय का कहना है कि परिणाम समर्थ पोर्टल को भेजे जा चुके हैं और उन्हें जारी करना पोर्टल की जिम्मेदारी है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भी समस्या उठाई गई है।
हालांकि, विद्यार्थियों के सामने सवाल है कि जब परीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया विश्वविद्यालय के स्तर पर पूरी हो चुकी है तो परिणाम जारी कराने के लिए समयबद्ध समाधान क्यों नहीं निकाला जा रहा।
पांच महीने से परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। छात्रवृत्ति का आवेदन पूरा नहीं हुआ तो पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल होगा। अब समझ नहीं आ रहा कि किससे गुहार लगाएं। - अंश रुहेला, एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर
कालेज में छात्रवृत्ति फार्म भरने के लिए रोज चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। परिणाम नहीं आने से आवेदन की प्रक्रिया अधूरी है। अंतिम तिथि निकल गई तो नुकसान हमारा होगा। - देव कुमार, बीकाम आनर्स, प्रथम सेमेस्टर
परीक्षा देने के बाद उम्मीद थी कि समय से परिणाम आएगा और अगली कक्षा की पढ़ाई शुरू हो सकेगी। अब न परिणाम मिला है, न आगे की पढ़ाई को लेकर स्थिति स्पष्ट है। - हेमंत कुमार सैनी, एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर
विश्वविद्यालय और समर्थ पोर्टल के बीच जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है। विद्यार्थी किसके पास जाएं, यह समझ नहीं आता। आठ दिन में परिणाम नहीं आया तो छात्रवृत्ति हाथ से निकल सकती है। - चंदन, बीकाम आनर्स, प्रथम सेमेस्टर
परिणाम जारी कराने के लिए समर्थ पोर्टल की टीम से लगातार संपर्क किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से परिणाम भेजे जा चुके हैं। समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- संजीव सिंह,परीक्षा निरीक्षक, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय
यह भी पढ़ें- चीनी के दाम पर अंकुश की तैयारी: मेरठ-बरेली से मुरादाबाद की 7 मिलों को मिलेगा 1.10 करोड़ क्विंटल गन्ना
