विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में दर्दनाक हादसा: नो-एंट्री में घुसी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, पोते-पोती के सामने दादा की मौत

Published: Thu, 20 Aug 2026 01:51 PM (IST)

मुरादाबाद में 65 वर्षीय गीताराम की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनके पोते-पोती घायल हो गए। यह ...और पढ़ें

गीताराम देवलाल की मौत के बाद गमगीन स्वजन और इनसेट में गीताराम देवलाल का फाइल फोटो

गीताराम देवलाल की मौत के बाद गमगीन स्वजन और इनसेट में गीताराम देवलाल का फाइल फोटो

संवाद सहयोगी, दाऊ दयाल खन्ना नगर (मुरादाबाद)। बच्चों को हर दिन की तरह स्कूल से लेने निकले 65 वर्षीय गीताराम देवलाल के लिए बुधवार का दिन जिंदगी का आखिरी दिन साबित हुआ। दोपहर में वह अपने पोते कियांश (7) और पोती आराध्या (10) को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे।

बुद्धि विहार स्थित सेंट मेरी स्कूल के पास गोल चक्कर पर पहुंचते ही सामने से गलत दिशा में आ रही बजरफुट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गीताराम और कियांश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक पर पीछे बैठी आराध्या के हाथ और पैर में चोट आई। देर रात उपचार के दौरान गीताराम ने दम तोड़ दिया।

दाऊ दयाल खन्ना नगर स्थित चाऊ की बस्ती तारों वाली ज्यारत निवासी गीताराम देवलाल बुधवार दोपहर रोज की तरह दोनों बच्चों को स्कूल से लेने घर से निकले थे।

WhatsApp Image 2026-08-20 at 1.15.12 PM (1)

स्कूल से बच्चों को लेकर जैसे ही वह बुद्धि विहार आवास विकास स्थित सेंट मेरी स्कूल के पास गोल चक्कर पर पहुंचे, सामने से गलत दिशा में आ रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि गीताराम और कियांश गंभीर रूप से घायल हो गए। आराध्या भी सड़क पर गिरने से चोटिल हो गई, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल तीनों घायलों को चिड़ियाटोला स्थित वर्धमान अस्पताल में भर्ती कराया।

लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मझोला थाना इंस्पेक्टर विनीत खेवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को भी हिरासत में लिया।

इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मझोला थाने में तहरीर दी। डॉक्टरों ने गीताराम की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें रेफर करने की सलाह दी।

इसके बाद परिजन उन्हें कांठ रोड स्थित कासमॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कियांश और आराध्या को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

हादसे ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नो-एंट्री के बावजूद बजरफुट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पहुंची और गलत दिशा में आकर बाइक को टक्कर मार दी।

लोगों के बीच वाहन के अवैध खनन से जुड़े होने और किसी रसूखदार के संरक्षण में होने की चर्चा भी है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इन पहलुओं के साथ ही पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस ने गीताराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनके परिवार में तीन बेटे आशीष, दीपक और सूरज हैं। छोटे बेटे सूरज ने कहा, पिताजी के जाने के बाद हमारे हरे-भरे पेड़ की जैसे जड़ें हिल गई हैं। बुधवार को बच्चों को स्कूल से लेने निकले गीताराम की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

यह भी पढ़ें- BJP नेता पर केस दर्ज कराने वाली सचिव निलंबित, मुरादाबाद गोशाला में चारे के नाम पर मिला भारी घपला