सोने के गहनों पर बढ़ा हॉलमार्किंग चार्ज: ₹45 से बढ़कर ₹75 हुआ शुल्क, पर जेब पर नहीं पड़ेगा असर!
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) ने सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग शुल्क ₹45 से बढ़ाकर ₹75 कर दिया है। हालांकि, मुरादाबाद ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
सराफा बाजार में ग्राहकों से अलग से नहीं लिया जाता हाॅलमार्किंग शुल्क
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच अब भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने सोने के आभूषण की हाॅलमार्किंग का शुल्क भी बढ़ा दिया है। प्रति आभूषण हाॅलमार्किंग शुल्क 45 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये कर दिया गया है।
हालांकि, मुरादाबाद के सराफा बाजार में इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ने की संभावना नहीं है। सराफा कारोबारियों के अनुसार, यहां ग्राहकों से हाॅलमार्किंग के नाम पर अलग से कोई शुल्क नहीं वसूला जाता है।
सराफा बाजार एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि हाॅलमार्किंग शुल्क बढ़ने से कारोबारियों की लागत जरूर बढ़ेगी, लेकिन इसे ग्राहकों से अलग से नहीं लिया जाता है। आभूषण की कीमत तय करते समय कारोबार की अन्य लागतों के साथ इसे भी शामिल किया जाता है।
सराफा कारोबारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि मुरादाबाद में ग्राहक से हाॅलमार्किंग शुल्क के नाम पर अलग से 75 रुपये नहीं लिए जाते हैं। पहले भी 45 रुपये का हाॅलमार्किंग शुल्क ग्राहक से अलग से नहीं वसूला जाता था।
अब बीआइएस ने इसे बढ़ाकर 75 रुपये प्रति आभूषण कर दिया है। कहा कि सोने के आभूषण की खरीद में ग्राहक के लिए हाॅलमार्क की शुद्धता और विश्वसनीयता महत्वपूर्ण है। शुल्क बढ़ने के बावजूद ग्राहकों से अलग से हाॅलमार्किंग चार्ज लेने की व्यवस्था नहीं है।
