स्टेशन पर उतरते ही भगवान से होगा आमना-सामना, हरिद्वार स्टेशन पर बद्रीनाथ व केदारनाथ के होंगे दर्शन
रेलवे मंत्रालय ने 15 फरवरी तक प्रथम चरण में सौ स्टेशन पर थ्री डी म्यूजियम स्थापित करने का आदेश दिया है। इसके लिए सौ करोड़ का बजट भी आवंटित किया गया है।
मुरादाबाद(प्रदीप चौरसिया): हरिद्वार या ऋषिकेश स्टेशन पर उतरते ही केदारनाथ व बद्रीनाथ के दर्शन हो जाएंगे। रेलवे देश भर के धार्मिक व ऐतिहासिक स्टेशन पर थ्रीडी डिजिटल म्यूजियम स्थापित करने जा रहा है।
सौ करोड़ का बजट आवंटित
रेलवे मंत्रालय ने 15 फरवरी तक प्रथम चरण में सौ स्टेशन पर थ्री डी म्यूजियम स्थापित करने का आदेश दिया है। इसके लिए सौ करोड़ का बजट भी आवंटित किया गया है। इसमें मुरादाबाद रेल मंडल के चार स्टेशनों पर यह सुविधा दी जाएगी। यह थ्री डी म्यूजियम यात्रियों के स्टेशन पर उतरते ही उस क्षेत्र का एहसास कराएगी। साथ ही धार्मिक, पयर्टन स्थल और ऐतिहासिक धरोहरों की झलक भी दिखेगी।
नियमित रूप से चलती हैं 70 ट्रेनें
मुरादाबाद रेल मंडल के चार रेलवे स्टेशनों देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, हरदोई पर भी यह थ्री डी म्यूजियम स्थापित होंगे। देहरादून पर्यटन स्थल के लिए और हरिद्वार ऋषिकेश स्टेशन धार्मिक स्थल के लिए विश्व भर में जाना जाता है। यहां देश भर से नियमित रूप से 70 ट्रेनें प्रतिदिन चलती है। स्पेशल व साप्ताहिक ट्रेनें अलग हैं। हरिद्वार व ऋषिकेश स्टेशन पर थ्रीडी डिजिटल म्यूजियम में पहले केदारनाथ व बद्रीनाथ के दर्शन होंगे और महसूस होगा कि स्टेशन नहीं बल्कि दर्शन स्थल पर पहुंच गए हैं। देहरादून स्टेशन पर पर्यटन व ऐतिहासिक स्थल पहले दिखाई देगा। हरदोई स्टेशन के पास नैमिषारण्य तीर्थस्थल है, यह 88 हजार ऋषियों की तपोभूमि माना जाता है। यहां भी थ्रीडी डिजिटल म्यूजियम स्थापित किया जाना है।
15 फरवरी तक होगी शुरुआत
मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंघल ने बताया कि मंत्रालय के आदेश के अनुसार रेल मंडल के देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार व हरदोई स्टेशन पर थ्रीडी डिजिटल म्यूजियम स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। 15 फरवरी तक थ्रीडी डिजिटल म्यूजियम शुरुआत हो जाएगी।